65 घंटे में देवतहा लूट कांड का खुलासा, पुलिस की तत्परता से बढ़ा जनविश्वास

कुशीनगर। नेबुआ नौरंगिया थाना पुलिस ने साहस, सूझबूझ और कड़ी मेहनत का परिचय देते हुए जनपद के चर्चित देवतहा लूट कांड का मात्र 65 घंटे के भीतर सफल और निष्पक्ष खुलासा कर अपनी कार्यकुशलता का परिचय दिया है। लूट में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी, लूटा गया सामान बरामद कर उन्हें जेल भेजे जाने की कार्रवाई से न सिर्फ स्वर्ण व्यवसायियों को राहत मिली है, बल्कि आमजन का पुलिस के प्रति विश्वास भी और मजबूत हुआ है।
नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के देवतहा सहबजवा में सेमरा गांव निवासी स्वर्ण व्यवसायी भीम वर्मा से विगत दिनों कार सवार चार बदमाशों ने असलहा कनपटी पर सटाकर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लूट ली थी। घटना के बाद व्यापारियों में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त हो गया था। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने तत्काल घटना के अनावरण के निर्देश दिए।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति के नेतृत्व में उपनिरीक्षक श्रवण कुमार, उपनिरीक्षक रामेश्वर यादव, उपनिरीक्षक मनीष गुप्ता, उपनिरीक्षक संदीप यादव, कांस्टेबल यशवंत कुमार और कांस्टेबल संदीप कुमार सहित गठित पुलिस टीम ने लगातार दबिश, तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण और स्थानीय मुखबिर तंत्र की सक्रियता के आधार पर 65 घंटे के भीतर घटना का सफल खुलासा कर दिया। इस उल्लेखनीय सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए एसपी ने पूरी टीम को 50 हजार रुपये का पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया।
रविवार को व्यापार मंडल पिपरा के अध्यक्ष प्रेम मद्धेशिया, उपाध्यक्ष राजू कुमार चंदन सहित अन्य पदाधिकारियों ने थाने पहुंचकर प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति एवं उनकी टीम का माल्यार्पण कर अंगवस्त्र और सिल्वर शील्ड भेंट कर सम्मान किया। ग्राम प्रधान ललन गुप्ता, विजय कुमार, अनिल कुशवाहा, मारकंडेय गुप्ता और दिनेश जायसवाल के नेतृत्व में क्षेत्र के दर्जनों गणमान्य नागरिकों ने भी पुलिस टीम का अभिनंदन किया।
प्रभारी निरीक्षक चंद्रभूषण प्रजापति ने कहा कि यह सफलता पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा और क्षेत्राधिकारी वीरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन और निरंतर प्रोत्साहन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ अधिकारियों के सहयोग से पुलिसकर्मियों का मनोबल बढ़ता है और वे पूरी निष्ठा व प्रतिबद्धता के साथ जनसेवा में जुटे रहते हैं।