घनी आबादी वाले पडरौना में भीषण आग, फायर टीम बनी “थैंक्स गार्ड”

घनी आबादी वाले पडरौना में भीषण आग, फायर टीम बनी “थैंक्स गार्ड”

ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट – प्रधुमन सिंह, कुशीनगर
कुशीनगर जनपद के पडरौना क्षेत्र में घनी आबादी के बीच स्थित एक प्लास्टिक गोदाम में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा और आसमान में काले धुएं के गुबार छा गए, जो दूर-दूर तक दिखाई देते रहे। करीब दो घंटे तक क्षेत्र में भगदड़ और दहशत का माहौल बना रहा।
घटना की सूचना मिलते ही फायर विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण आग तेजी से फैल रही थी, जिससे गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
पुलिस बल ने भी मौके पर पहुंचकर भीड़ को नियंत्रित किया और लोगों को सुरक्षित दूरी पर रहने की सलाह दी। प्राथमिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है, जबकि वास्तविक कारणों की जांच जारी है। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।
इस घटना के बाद व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अग्निशमन अधिकारी एवं उनकी टीम की सराहना करते हुए उन्हें “थैंक्स गार्ड” की संज्ञा दी। व्यापार मंडल ने कहा कि दमकल विभाग की तत्परता और बहादुरी के कारण आग को आसपास के प्रतिष्ठानों तक फैलने से रोका जा सका, जिससे बड़ा नुकसान टल गया।
व्यापारियों ने अग्निशमन विभाग के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसी ही सतर्कता बनाए रखने की अपेक्षा की है। वहीं प्रशासन ने सभी व्यापारिक प्रतिष्ठानों से अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने की अपील की है।

Related Post

Leave a Comment