आदर्श चिकित्सालय की दीवार से टकराया अनियंत्रित ट्रक, दो गंभीर घायल

आदर्श चिकित्सालय की दीवार से टकराया अनियंत्रित ट्रक, दो गंभीर घायल

अस्पताल के बाहर खड़े ऑटो व चार बाइक क्षतिग्रस्त
ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट: के एन साहनी/प्रद्युमन सिंह, कुशीनगर

कुशीनगर जनपद के सुकरौली क्षेत्र अंतर्गत सुबुधिया खुर्द के पास बुधवार अपराह्न एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब एक अनियंत्रित ट्रक फोरलेन के किनारे स्थित आदर्श चिकित्सालय की दीवार से जा टकराया। दुर्घटना में अस्पताल के सामने खड़े एक ऑटो और चार बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, जबकि ऑटो में बैठी सात वर्षीय बच्ची और चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक चालक नशे की हालत में था और नियंत्रण खो बैठा। ट्रक पहले अस्पताल के पास लगे दो पेड़ों को तोड़ते हुए सीधे अस्पताल की दीवार से जा भिड़ा। उस समय अस्पताल में भर्ती मरीजों से मिलने आए परिजन और दवा कंपनियों के मेडिकल प्रतिनिधि मौजूद थे, जिनके वाहन बाहर खड़े थे। अचानक हुए हादसे से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने भागकर किसी तरह अपनी जान बचाई।
घायल बच्ची शिवानी (7 वर्ष), पुत्री अंगद प्रसाद निवासी अजीज नगर थाना कोतवाली हाटा तथा ऑटो चालक प्रदीप दुबे पुत्र जितेंद्र दुबे निवासी विशुनपुर खुर्द सोनबरसा थाना एम्स को प्राथमिक उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र देवतहा भेजा गया। हालत गंभीर होने पर दोनों को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना अस्पताल प्रशासन द्वारा अहिरौली थाना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी प्रविंद्र राय ने घटना की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक चालक को हिरासत में ले लिया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गनीमत रही कि हादसे में कोई बड़ा जनहानि नहीं हुई, अन्यथा स्थिति और भी भयावह हो सकती थी।

Related Post

Leave a Comment