मोतीचक ब्लॉक के बेदूपार प्राथमिक विद्यालय में 33 में से केवल 4 बच्चे उपस्थित
ऑन स्पॉट जांच में सामने आई हकीकत, प्रतिनिधि से शिक्षिका ने साझा की वास्तविक स्थिति
मोतीचक ब्लॉक के बेदूपार प्राथमिक विद्यालय में 33 में से केवल 4 बच्चे उपस्थित
प्रदुम्न सिंह हाटा


कुशीनगर।
हाटा तहसील क्षेत्र अंतर्गत मोतीचक ब्लॉक की ग्राम पंचायत बेदूपार स्थित प्राथमिक विद्यालय में शिक्षा व्यवस्था की जमीनी सच्चाई उस समय सामने आई जब हमारे प्रतिनिधि प्रदुम्न सिंह स्कूल समय पर मौके पर पहुंचे।
विद्यालय के अभिलेखों के अनुसार कुल नामांकित बच्चों की संख्या 33 है, लेकिन निरीक्षण के दौरान मात्र 4 बच्चे ही उपस्थित पाए गए। विद्यालय में एक शिक्षिका तथा दो रसोइया (दाई) मौजूद थीं।
मौके पर उपस्थित शिक्षिका से जब हमारे प्रतिनिधि ने कम उपस्थिति के संबंध में जानकारी ली, तो उन्होंने विद्यालय की वास्तविक स्थिति साझा की। उन्होंने बताया कि कई बच्चे अनियमित रूप से विद्यालय आते हैं, जबकि कुछ अभिभावक बच्चों को नियमित भेजने में रुचि नहीं दिखाते।
हालांकि, सवाल यह उठता है कि क्या केवल अभिभावकों की उदासीनता ही इसका कारण है, या फिर विभागीय स्तर पर भी निगरानी की कमी है?
स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विद्यालयों में नामांकन और उपस्थिति के बीच इतना बड़ा अंतर रहेगा तो शिक्षा की गुणवत्ता पर सीधा प्रभाव पड़ेगा।
अब निगाहें बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) की कार्रवाई पर टिकी हैं। क्या विभाग इस मामले में जांच कर ठोस कदम उठाएगा?