12 फरवरी की राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने की अपील
दवा क्षेत्र के कर्मचारियों के अधिकारों पर हमले का आरोप
्रेड यूनियनों की ओर से 12 फरवरी को प्रस्तावित राष्ट्रव्यापी हड़ताल को सफल बनाने के उद्देश्य से यूपीएमएसआरए (UPMSRA) बलिया इकाई द्वारा मंगलवार को प्रेस प्रतिनिधियों से वार्ता की गई। इस दौरान दवा क्षेत्र के कर्मचारियों, विशेषकर मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स के अधिकारों पर हो रहे कथित हमलों को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की गई।प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए यूपीएमएसआरए बलिया इकाई के जिलाध्यक्ष कॉमरेड नरेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि केंद्र सरकार और दवा कंपनियों की नीतियाँ पूरी तरह मजदूर-विरोधी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार ऐसी नीतियाँ लागू की जा रही हैं, जिससे दवा क्षेत्र के कर्मचारियों का शोषण बढ़ता जा रहा है।
कॉमरेड नरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि 12 फरवरी को जिले के समस्त मजदूर, कर्मचारी एवं किसान संगठन हड़ताल पर रहेंगे। इस अवसर पर बलिया में टाउन हॉल से एक रैली निकाली जाएगी, जो कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपेगी।
उन्होंने सभी संगठनों और आमजन से हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।
प्रेस वार्ता में रंजीत, अखिलेश, देवेंद्र राय, सेराज खान, रवि यादव, अजीत गुप्ता, विकास यादव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।