
खाकी की ताकतऔर अनुशासन का संगम: कुशीनगर में गोरखपुर जोन की अन्तरजनपदीय पुलिस भारोत्तोलन क्लस्टर प्रतियोगिता का भव्य शुभारम्भ
कुशीनगर।
रिजर्व पुलिस लाइन कुशीनगर में मंगलवार को गोरखपुर जोन की “अन्तर्जनपदीय पुलिस भारोत्तोलन क्लस्टर प्रतियोगिता–2026” का भव्य शुभारम्भ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार ने खिलाड़ियों के फ्लैग मार्च की सलामी लेकर किया। इस अवसर पर पुलिस मैदान अनुशासन, जोश और खेल भावना से सराबोर नजर आया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए पुलिस अधीक्षक श्री केशव कुमार ने कहा कि खेल केवल शारीरिक शक्ति नहीं, बल्कि मानसिक दृढ़ता, अनुशासन और टीम भावना का भी प्रतीक होते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी खेल भावना के साथ प्रतिस्पर्धा करने और पुलिस बल की गरिमा को बनाए रखने का आह्वान किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अन्तरजनपदीय क्लस्टर प्रतियोगिता में भारोत्तोलन, पावर लिफ्टिंग एवं योगा (पुरुष/महिला वर्ग) की स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। प्रतियोगिता में गोरखपुर जोन के गोरखपुर, देवरिया, महराजगंज, कुशीनगर, संतकबीरनगर, गोण्डा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बहराइच एवं बलरामपुर जनपदों की कुल 10 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता 10 फरवरी से 12 फरवरी 2026 तक चलेगी, जिसकी मेजबानी कुशीनगर पुलिस द्वारा की जा रही है।
उद्घाटन अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा, क्षेत्राधिकारी कार्यालय श्री उमेशचंद भट्ट, प्रतिसार निरीक्षक श्री मनोज कुमार, पीआरओ उ0नि0 उपेन्द्र कुमार सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे।
पुलिस लाइन परिसर में आयोजित यह प्रतियोगिता न केवल पुलिस बल की शारीरिक दक्षता और अनुशासन को प्रदर्शित कर रही है, बल्कि जवानों के बीच आपसी सौहार्द और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को भी मजबूती प्रदान कर रही है।







