IGRS में तहसील कसया ने रचा इतिहास, पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान

IGRS में तहसील कसया ने रचा इतिहास, पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान

कुशीनगर।
समन्वित शिकायत निवारण प्रणाली (IGRS) में तहसील कसया, जनपद कुशीनगर ने उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए पूरे उत्तर प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। तहसील कसया को IGRS में 100 में 100 अंक मिले हैं, जो शिकायतों के त्वरित, गुणवत्तापूर्ण और संतोषजनक निस्तारण का प्रमाण है।
इस उपलब्धि के संदर्भ में उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल से हुई वार्ता में उन्होंने बताया कि इस सफलता के पीछे जिलाधिकारी कुशीनगर द्वारा दिए गए स्पष्ट निर्देश और सतत मार्गदर्शन की अहम भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पूर्व में तहसील कसया लगातार जनपद स्तर पर प्रथम रहती थी, लेकिन प्रदेश स्तर पर रैंक पीछे रह जाती थी। इस बार पूरी टीम के समन्वित प्रयास से प्रदेश में भी प्रथम स्थान हासिल हुआ है।

उप जिलाधिकारी ने इस उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए IGRS ऑपरेटर विकास, IGRS बाबू सनी, तहसीलदार एवं पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि सभी अधिकारी-कर्मचारी इसी मनोयोग और संवेदनशीलता के साथ कार्य करते रहें। उन्होंने यह भी कहा कि जनता से प्यार और धैर्य से मिलना, उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुनना तथा जमीनी विवादों को सुलह-समझौते से हल कराना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए, ताकि जनता का तहसील पर पूर्ण भरोसा बना रहे।

डॉ. बघेल ने बताया कि “प्रशासन आपके द्वार – जन चौपाल” कार्यक्रम का भी तहसील की रैंकिंग में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। प्रत्येक शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के 32 स्थानों पर जन चौपाल का आयोजन किया जाता है, जिससे राजस्व कर्मियों और जनता के बीच संवाद और मेलभाव बढ़ा है तथा शिकायतों का स्थानीय स्तर पर समाधान संभव हुआ है।
कार्यशैली पर प्रकाश डालते हुए उप जिलाधिकारी ने बताया कि वे स्वयं सुबह 10 बजे से 12 बजे तक जनसुनवाई, दोपहर 1 बजे तक न्यायालयीन कार्य, और इसके बाद शाम 5 बजे तक शांति व्यवस्था एवं पुराने जमीनी विवादों के निस्तारण के लिए क्षेत्र में उपस्थित रहते हैं। इसी सतत निगरानी और फील्ड पर सक्रियता का परिणाम है कि तहसील कसया आज IGRS में प्रदेश में शीर्ष पर है।
यह उपलब्धि न केवल प्रशासनिक दक्षता का उदाहरण है, बल्कि जनविश्वास और जवाबदेही की दिशा में एक मजबूत कदम भी है।

Related Post

Leave a Comment