मेगा विधिक सहायता शिविर की कमान डीएम महेंद्र सिंह तंवर के हाथ

मेगा विधिक सहायता शिविर की कमान डीएम महेंद्र सिंह तंवर के हाथ

40+ विभाग होंगे शामिल, 11 फरवरी को होगी बड़ी समन्वय बैठक

22 फरवरी को जिला न्यायालय परिसर में लगेगा वृहद विधिक सहायता शिविर

कुशीनगर।
जनपद में आमजन को एक ही छत के नीचे न्याय और योजनाओं का लाभ दिलाने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है।
इस महत्वपूर्ण आयोजन को सफल बनाने की जिम्मेदारी जिलाधिकारी कुशीनगर श्री महेंद्र सिंह तंवर ने स्वयं संभाल ली है।
माननीय राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश तथा जनपद न्यायाधीश के मार्गदर्शन में दिनांक 22 फरवरी 2026 को प्रस्तावित इस मेगा शिविर को लेकर सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रभात सिंह और जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के बीच विस्तृत मंथन हुआ।

डीएम का स्पष्ट संदेश—लापरवाही नहीं चलेगी

बैठक के दौरान जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने स्पष्ट कहा कि यह शिविर केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि जनसेवा और सामाजिक न्याय का मिशन है।
उन्होंने कहा कि इस शिविर में जनपद के 40 से अधिक विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी और सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करेंगे।

11 फरवरी को सभी विभागाध्यक्ष होंगे तलब

डीएम के निर्देश पर 11 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट सभागार में सभी संबंधित विभागाध्यक्षों की समन्वय बैठक आयोजित की जाएगी, जिसमें जिम्मेदारियां तय कर समयबद्ध कार्ययोजना बनाई जाएगी।
निर्बल वर्ग के लिए बड़ा सहारा बनेगा शिविर
सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण प्रभात सिंह ने बताया कि इस मेगा शिविर का उद्देश्य
महिलाएं, दिव्यांगजन, बच्चे, निर्धन परिवार, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक, अनुसूचित जाति-जनजाति, बेरोजगार युवा, कृषक एवं समाज के अन्य वंचित वर्गों को
सरकारी योजनाओं और विधिक सहायता का लाभ सीधे उपलब्ध कराना है।
दो चरणों में होगा आयोजन
प्रथम चरण:
मेगा शिविर से पहले जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में लघु शिविर लगाकर योजनाओं का प्रचार-प्रसार एवं पात्र लाभार्थियों की पहचान।
द्वितीय चरण:
दिनांक 22 फरवरी 2026 को जिला एवं सत्र न्यायालय परिसर, कुशीनगर में आयोजित मेगा/वृहद विधिक सहायता एवं सेवा शिविर में चिन्हित लाभार्थियों को सीधे लाभ।
प्रशासनिक सक्रियता से बढ़ी उम्मीदें
डीएम महेंद्र सिंह तंवर की सक्रिय भूमिका से यह उम्मीद की जा रही है कि यह शिविर
जनपद कुशीनगर के लिए अब तक का सबसे प्रभावी और सफल विधिक सहायता शिविर साबित होगा।

रिपोर्ट : प्रधुमन सिंह
जनपद : कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment