जन सुनवाई में उठा 20 साल पुराना भूमि विवाद, प्रशासनिक हस्तक्षेप से हुआ समाधान

जन सुनवाई में उठा 20 साल पुराना भूमि विवाद, प्रशासनिक हस्तक्षेप से हुआ समाधान
कुशीनगर।

जन सुनवाई कार्यक्रम के दौरान ग्राम गुरवलिया निवासी गरीब महिला आरती देवी ने जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के समक्ष अपने लगभग 20 वर्ष पुराने भूमि विवाद की फरियाद रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी कुशीनगर ने तत्काल उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल को विवाद का शीघ्र निस्तारण कर आख्या प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी के निर्देश पर उप जिलाधिकारी कसया ने पुलिस बल के सहयोग से मौके पर पहुंचकर सुलह-समझौते के आधार पर पैमाइश कराते हुए विवाद का समाधान कराया।
यह विवाद ग्राम गुरवलिया, थाना तुर्कपट्टी, गाटा संख्या 1155, रकबा 440 वर्ग मीटर से संबंधित था।
प्राप्त जानकारी के अनुसार उक्त भूमि पर नरसिंह, रामानंद, राजकुमार व सदानंद—चारों पुत्र गोपाल—निवास करते थे। इनमें से 90 वर्ग फीट भूमि को लेकर बीते 21 वर्षों से विवाद चला आ रहा था, जो कई बार खूनी संघर्ष का कारण भी बन चुका था।
प्रशासनिक पहल और समझाइश के बाद सभी पक्षों की सहमति से विवाद का शांतिपूर्ण निस्तारण कर दिया गया, जिससे गांव में राहत और संतोष का माहौल बना।
इस दौरान उप जिलाधिकारी कसया के साथ हल्का लेखपाल सुनील यादव, ग्रामवासी तथा थाना तुर्कपट्टी का पुलिस बल मौके पर उपस्थित रहा।

Related Post

Leave a Comment