लोकेशन : कुशीनगर
रिपोर्ट : के. एन. साहनी
कड़ाके की ठंड के बावजूद तहसील दिवस में उमड़ी फरियादियों की भीड़
कसया, कुशीनगर।
भीषण शीतलहर और कड़ाके की ठंड के बावजूद कसया तहसील सभागार में आयोजित तहसील दिवस में पीड़ित फरियादियों की उल्लेखनीय भीड़ देखने को मिली। दूर-दराज़ ग्रामीण क्षेत्रों से आए फरियादियों ने अधिकारियों के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं, जिससे यह स्पष्ट हुआ कि आमजन को आज भी तहसील दिवस से त्वरित न्याय की अपेक्षा है।
प्रदेश सरकार का यह अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम तहसील स्तर पर आम जनता की समस्याओं के तत्काल, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है, जहाँ विभिन्न विभागों के अधिकारी व कर्मचारी एक ही मंच पर उपस्थित रहकर शिकायतें सुनते हैं और समाधान की प्रक्रिया प्रारंभ करते हैं।
तहसील दिवस की अध्यक्षता उप जिलाधिकारी कसया डॉ. संतराज सिंह बघेल ने की। इस अवसर पर तहसीलदार धर्मबीर सिंह, नायब तहसीलदार संदीप यादव, खंड विकास अधिकारी फाजिलनगर, क्षेत्रीय वनाधिकारी कुशीनगर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। साथ ही तहसील कसया में तैनात सभी कानूनगो एवं लेखपाल भी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना तथा संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। प्रशासन ने आश्वस्त किया कि प्रत्येक शिकायत का समाधान पारदर्शिता और न्यायसंगत ढंग से किया जाएगा।
इस अवसर पर एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि,
“पीड़ितों की शिकायतों का निस्तारण हर हाल में गुण-दोष के आधार पर किया जाए। इसमें लगाए गए अधिकारी व कर्मचारी निष्पक्षता के साथ कार्य करें। किसी भी प्रकार की लापरवाही कदापि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।”