बिना वैध कागजात संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर सील, संचालक के विरुद्ध कार्रवाई

Spread the love

बिना वैध कागजात संचालित अल्ट्रासाउंड सेंटर सील, संचालक के विरुद्ध कार्रवाई

कसया। पुरानी फाजिलनगर रोड पर विश्वकर्मा मंदिर के सामने संचालित शिवम अल्ट्रासाउंड सेंटर की सोमवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कसया जी. अक्षय दीपक, न्यायिक तहसीलदार विजय यादव तथा सीएससी प्रभारी की टीम ने जांच की। जांच के दौरान केंद्र से संबंधित अभिलेख एवं वैध दस्तावेज स्पष्ट रूप से उपलब्ध नहीं कराए जा सके। टीम ने मौके पर रेडियोलॉजिस्ट की मौजूदगी भी नहीं पाई।

जांच में आवश्यक वैध कागजात और निर्धारित मानकों के अनुरूप व्यवस्थाएं स्पष्ट नहीं होने पर प्रशासनिक टीम ने अल्ट्रासाउंड केंद्र को सील कर दिया। विभागीय स्तर पर कार्रवाई करते हुए केंद्र के संचालक के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी शुरू की गई है।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट जी. अक्षय दीपक ने कहा कि किसी भी व्यक्ति की पहुंच या प्रभाव कितना भी क्यों न हो, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई नहीं रुकेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में अवैध रूप से अल्ट्रासाउंड सेंटर संचालित किए जाने की सूचना कई दिनों से मिल रही थी। सूचना की पुष्टि के लिए केंद्र की जांच की गई, जहां आवश्यक वैध दस्तावेज उपलब्ध नहीं पाए गए।

प्रशासन की कार्रवाई के बाद स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े ऐसे केंद्रों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि निर्धारित नियमों और वैधानिक प्रक्रिया का पालन नहीं करने वाले संस्थानों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।

रिपोर्ट: के. एन. साहनी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *