प्रधानमंत्री मोदी के जन्मदिन पर कुशीनगर में सेवा संकल्प अभियान, छह लाख से अधिक दीयों से की गई मंगल कामना

Spread the love

सच्ची रिपोर्ट कुशीनगर

कुशीनगर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प और सेवा को समर्पित सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने तथा उनके 76वें जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा शुरू किए गए सेवा संकल्प अभियान के तहत गुरुवार को जिलेभर में विविध सेवा एवं जनकल्याणकारी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

अभियान के तहत भगवान विश्वकर्मा मंदिरों में स्वच्छता अभियान चलाकर माल्यार्पण और प्रसाद वितरण किया गया। सरकारी अस्पतालों में मरीजों के बीच फल वितरित किए गए। रविंद्रनगर स्थित मेडिकल कॉलेज में युवा मोर्चा के नेतृत्व में रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसके अलावा मठ-मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर प्रार्थना सभा, यज्ञ, भजन-कीर्तन सहित विभिन्न कार्यक्रम हुए।

अभियान के पहले दिन सुबह भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने फाजिलनगर विधानसभा क्षेत्र के तुर्कपट्टी सूर्य मंदिर में तथा सांसद विजय कुमार दूबे ने खड्डा विधानसभा क्षेत्र के काली मंदिर में स्वच्छता अभियान में सहभागिता की। इसके बाद रविंद्रनगर स्थित मेडिकल कॉलेज में आयोजित रक्तदान शिविर का फीता काटकर शुभारंभ किया गया।

सांसद विजय कुमार दूबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विगत 25 वर्षों का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र सेवा, समर्पण और जनकल्याण के लिए प्रेरणा का प्रतीक है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के जन्मदिन को सेवा, स्वच्छता और जनकल्याण के संकल्प के साथ सार्थक बनाने का आह्वान किया।

जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री का दीर्घकालिक राष्ट्र सेवा का जीवन सभी के लिए अनुकरणीय है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यकाल में 25 करोड़ से अधिक लोगों के गरीबी रेखा से बाहर आने का दावा किया गया है। उन्होंने प्रधानमंत्री के मंगलमय जीवन की कामना करते हुए कार्यकर्ताओं से विकसित भारत के संकल्प से जुड़ने का आह्वान किया।

सदर विधायक मनीष जायसवाल ने प्रधानमंत्री को जन्मदिन की बधाई देते हुए कहा कि देश के प्रधान सेवक ने आम लोगों के जीवन स्तर में सुधार के लिए विभिन्न क्षेत्रों में प्रयास किए हैं।

युवा मोर्चा के शैलेंद्र तिवारी की अगुवाई में नवनीत सिंह, शाही फैजान, राजकुमार गुप्ता, विनय गुप्ता, अभिषेक तिवारी सहित कार्यकर्ताओं ने रक्तदान किया। इस दौरान पूर्व जिलाध्यक्ष लल्लन मिश्रा, जिला मंत्री विश्वरंजन आनंद, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि सुधीर राव, मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. केपी गोंड, जिला मीडिया प्रभारी अमित राय, नवनीत तिवारी, सुशील शर्मा, आकाश सिंह, वरुण राय सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

प्रधानमंत्री के जन्मदिन के अवसर पर मेडिकल कॉलेज, सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और वृद्धाश्रमों में सांसद, जिलाध्यक्ष, जनप्रतिनिधियों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने मरीजों एवं बुजुर्गों के बीच फल वितरित किए।

मंदिरों और सार्वजनिक स्थलों पर हुआ दीपोत्सव

शाम को ‘आशीर्वाद का दिया’ कार्यक्रम के तहत जिले के विभिन्न प्रमुख स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। तुर्कपट्टी सूर्य मंदिर में जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय, कप्तानगंज फ्लाईओवर पर सांसद विजय कुमार दूबे, कृषि विश्वविद्यालय कुशीनगर परिसर में विधायक पीएन पाठक, बुद्धा घाट कुशीनगर में डॉ. ज्ञान प्रकाश राय एवं नगर पालिका अध्यक्ष किरन जायसवाल, सिधुवा स्थान मंदिर में विधायक मनीष जायसवाल, बांसी घाट पर दीप नारायण अग्रवाल, पथलेश्वर महादेव मंदिर छितौनी में विधायक विवेकानंद पाण्डेय, धर्मशामधा मंदिर रामकोला में विधायक विनय प्रकाश गोंड एवं डॉ. सीपी तिवारी, कर्महा कुटी में हाटा विधायक मोहन वर्मा एवं सत्य प्रकाश सिंह, नारायण कोठी स्थान पर विधायक सुरेंद्र सिंह कुशवाहा तथा शिव मंदिर लतवा चट्टी में विधायक डॉ. असीम राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य एवं मंगलमय जीवन की कामना की।

अभियान के संयोजक एवं जिला महामंत्री विवेकानंद शुक्ला ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर जिले के सभी बूथों पर भाजपा के जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और लाभार्थियों ने उत्साह के साथ अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर छह लाख से अधिक ‘आशीर्वाद के दीये’ जलाकर प्रधानमंत्री के लिए मंगलकामनाएं प्रेषित कीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *