यातायात माह पर रोडवेज चालकों को दी गई जागरूकता— सीट बेल्ट, फॉग लाइट, तय दूरी बनाए रखने पर खास जोर
कुशीनगर, 15 नवम्बर 2025।
पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री केशव कुमार के निर्देशन एवं अपर पुलिस अधीक्षक कुशीनगर श्री सिद्धार्थ वर्मा के मार्गदर्शन में यातायात माह के अवसर पर शुक्रवार को रोडवेज वर्कशॉप/बस स्टेशन छावनी, पडरौना में व्यापक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्राधिकारी यातायात डॉ. अजय कुमार सिंह के नेतृत्व तथा निरीक्षक यातायात की टीम ने रोडवेज चालकों व परिचालकों को सड़क सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी।


निरीक्षण व जागरूकता के दौरान पुलिस टीम ने चालकों को वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का अनिवार्य उपयोग, निर्धारित वर्दी/ड्रेस धारण करने, तथा कोहरे के मौसम को देखते हुए साइड लाइट/टर्न इंडिकेटर के सही प्रयोग पर विशेष बल दिया। अधिकारियों ने कहा कि सर्दियों में फॉग के कारण दृश्यता प्रभावित होती है, ऐसे में चलते वाहन के आगे-पीछे उचित फासला/गैप बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे दुर्घटनाओं की संभावनाएं कम हों।
कार्यक्रम में उपस्थित सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, निरीक्षक यातायात व यातायात उपनिरीक्षकों ने अपने उद्बोधन में चालकों से अपील की कि वे एक जिम्मेदार नागरिक की तरह अपने कर्तव्यों के प्रति सजग रहते हुए सड़क सुरक्षा व लोक व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने में अपना योगदान दें।
यातायात निरीक्षक कुशीनगर सत्य प्रकाश सिंह ने चालकों को संबोधित करते हुए कहा कि सड़क पर वाहन चलाते समय नशा न करें, ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का प्रयोग बिल्कुल न करें, तथा सभी यातायात नियमों का पूर्णतः पालन करें। मौके पर चालकों व परिचालकों को यातायात संबंधी पंपलेट भी वितरित किए गए।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट संदेश दिया कि दुर्घटनाओं पर नियंत्रण तभी संभव है जब चालक सड़क सुरक्षा नियमों को जिम्मेदारी के साथ अपनाएंगे और जनता की सुरक्षा को सर्वोपरि रखेंगे।