मंगलपुर मंगरुआ में मन की बात का प्रसारण, कार्यकर्ताओं ने सुना

कुशीनगर(जगदीश सिंह) रविवार को मन की बात कार्यक्रम के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की जनता के साथ संवाद किया। इसे भारतीय जनता पार्टी द्वारा जनपद के सभी बूथों पर प्रसारित किया गया। प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह, सड़क परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय और मोतीचक ब्लॉक प्रमुख अर्चना प्रदीप सिंह ने स्थानीय पदाधिकारियों के साथ हाटा विधानसभा के बूथ संख्या 307, मंगलपुर उर्फ मंगरुआ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम मन की बात सुना।
मन की बात सुनने के बाद पूर्व प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश सरकार में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी द्वारा देश के जन-जन की उपलब्धियों और आकांक्षाओं की सूक्ष्मता से चर्चा करना हर बार एक अलग अनुभव प्रदान करता है। इस महीने के मन की बात कार्यक्रम में पीएम मोदी ने भगत सिंह और लता मंगेशकर को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भारतीय संस्कृति, महिला सशक्तिकरण, देश भर में मनाए जाने वाले विभिन्न त्योहारों, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की 100 साल की यात्रा, स्वच्छता और खादी की बिक्री में वृद्धि जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी बात की। प्रधानमंत्री ने दोहराया कि देश को आत्मनिर्भर बनाने का रास्ता स्वदेशी अपनाने में निहित है।
परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि इस कार्यक्रम में प्रधानमंत्री जी द्वारा देश के जन-जन की उपलब्धियों और आकांक्षाओं की सूक्ष्मता से चर्चा करना हर बार एक अलग अनुभव प्रदान करता है। प्रधानमंत्री जी के उद्गार में भारत के सुनहरे भविष्य की झलक स्पष्ट सुनाई दी। उनका संदेश समाज की सामूहिक प्रगति का मार्गदर्शन तथा राष्ट्रीय एकता का सशक्त आह्वान था। आइए, हम सभी इस अभियान से जुड़कर स्वदेशी व आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को और मजबूती दें। मन की बात कार्यक्रम के जिला संयोजक व जिला मंत्री विवेकानंद शुक्ल ने बताया कि कुशीनगर जनपद के सभी बूथों पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण किया गया, जिसमें भारतीय जनता पार्टी के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं सहित 52,431 लोगों ने पूरे उत्साह के साथ सहभागिता की।
