“जनता से धनउगाही बर्दाश्त नहीं, शिकायत सीएम योगी तक पहुँचाई जाएगी”

कुशीनगर। विश्व हिन्दू महासंघ (अंतर्राष्ट्रीय हिन्दू संगठन) के जिला अध्यक्ष एस.के. जायसवाल ने शनिवार को दुदही नगर पंचायत में आयोजित एक औपचारिक बैठक के दौरान भ्रष्टाचार पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि जिले के कानूनगो और लेखपाल अपनी कार्यप्रणाली सुधार लें। अगर किसी आम नागरिक से काम के नाम पर अवैध धन की मांग की गई अथवा उत्पीड़न किया गया और इस संबंध में संगठन के कार्यकर्ताओं द्वारा शिकायत मिली, तो जिम्मेदार अधिकारियों की खैर नहीं होगी।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि – “किसानों, छात्रों और व्यापारियों से रिपोर्ट या कार्य के नाम पर अगर धनउगाही हुई, तो कानूनगो-लेखपालों की खैरियत नहीं रहेगी। इसकी जानकारी सीधे प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दी जाएगी। जनता का हित सर्वोपरि है और इसके लिए विश्व हिन्दू महासंघ हर स्तर पर संघर्ष करेगा।”
जिलाध्यक्ष ने यह भी कहा कि संगठन का हर कार्यकर्ता आम जनता के साथ खड़ा है और हिंदू समाज की सेवा करना ही हमारा धर्म है। भ्रष्टाचार और अत्याचार के खिलाफ महासंघ चुप नहीं बैठेगा, चाहे इसके लिए आंदोलन ही क्यों न करना पड़े।
बैठक में बड़ी संख्या में विश्व हिन्दू महासंघ के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने श्री जायसवाल के वक्तव्य का समर्थन किया और भरोसा जताया कि संगठन भ्रष्टाचार और जनता के शोषण के खिलाफ मजबूती से लड़ाई जारी रखेगा।