ट्रक की टक्कर से विक्रम जायसवाल की दर्दनाक मौत, गाँव में पसरा सन्नाटा


ट्रक की टक्कर से विक्रम जायसवाल की दर्दनाक मौत, गाँव में पसरा सन्नाटा

रोती बिलखती स्वर्गीय विक्रम की पत्नी गुड़िया देवी
रसूलपुर नौका टोला नवोदय विद्यालय

कुशीनगर। थाना रबिन्द्र नगर क्षेत्र के ग्राम रसूलपुर नौका टोला निवासी विक्रम जायसवाल (लगभग 28 वर्ष) की एक सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, किसी कार्य से विक्रम बाइक से पडरौना गए थे। लौटते समय बड़ी नहर के पास पीछे से आ रहे एक अज्ञात ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। ट्रक की चपेट में आने से घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुँची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेजा। देर शाम जब शव गाँव पहुँचा तो कोहराम मच गया। हर किसी की आँखें नम हो उठीं।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

मिली जानकारी के मुताबिक विक्रम तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनके पिता का निधन बहुत पहले हो चुका है। शादीशुदा विक्रम की दो नन्हीं बेटियाँ हैं—एक ढाई साल की और दूसरी मात्र तीन माह की। अबोध बच्चियों के सिर से पिता का साया उठ गया और घर पर अंधेरा छा गया।

माँ मुन्नी देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। पत्नी का सिंदूर उजड़ गया और परिवार के भरण-पोषण का सवाल खड़ा हो गया।

गाँव में मातम और सन्नाटा

ग्रामीणों की मदद से शव का अंतिम संस्कार किया गया। पूरे गाँव में मातम पसरा है। हर कोई परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त कर रहा है और सरकार से पीड़ित परिवार को मदद की उम्मीद जता रहा है।

रिपोर्ट – के. एन. साहनी


Related Post

Leave a Comment