जिला कुशीनगर में 79वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया
कुशीनगर।
79वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरा जनपद आज़ादी के रंगों में सराबोर रहा। जिला मुख्यालय पर जिलाधिकारी महेन्द्र सिंह तंवर ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर तिरंगे को सलामी दी और राष्ट्रगान की गूंज के साथ वीर शहीदों को नमन किया।






जिले के विभिन्न विभागों और संस्थानों में भी ध्वजारोहण कार्यक्रम पूरे उत्साह से आयोजित हुए।
मुख्य विकास अधिकारी गुंजन दिवेदी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राम जियावन मौर्या, नगर पालिका परिषद पडरौना अध्यक्ष विनय जायसवाल, कुशीनगर नगर पंचायत अध्यक्ष किरन राकेश जायसवाल ने अपने-अपने कार्यालयों व संस्थानों में तिरंगा फहराया और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान को याद किया।

उप संभागीय परिवहन अधिकारी मोहम्मद अजीम ने कार्यालय परिसर में ध्वजारोहण कर अधिकारियों, कर्मचारियों और नागरिकों के साथ राष्ट्रगान किया।
पुलिस ऑफिस के परेड स्थल पर पुलिस कप्तान संतोष मिश्रा (अपर पुलिस अधीक्षक) ने ध्वजारोहण कर सलामी दी।
सीएमओ कार्यालय में अतिरिक्त मुख्य चिकित्साधिकारी ने तिरंगा फहराया, जबकि विकास भवन में सीडीओ ने ध्वजारोहण कर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
थाना रबिन्द्र नगर धुस में थानाध्यक्ष ओमप्रकाश तिवारी के नेतृत्व में पुलिस बल ने तिरंगे को सलामी दी और देशभक्ति गीत गाकर माहौल को भावविभोर कर दिया।


जनपद के हाटा, फाजीलनगर, रामकोला, कप्तानगंज, दुदही, तमकुहीराज, मथौली बाजार, सुकरौली बाजार, खड्डा, छितौनी सहित सभी विकास खंडों और बाज़ारों में तिरंगा यात्राएं, सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और देशभक्ति से ओत-प्रोत मंच कार्यक्रम आयोजित हुए।
शिक्षण संस्थानों में भी देशभक्ति का जज़्बा देखने को मिला।
गीता इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल रबिन्द्र नगर, सहोदरा इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल सांडी खुर्द जानकीनगर, एस.बी. इंटर कॉलेज सांडी खुर्द जानकीनगर, आर.बी. इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल जानकीनगर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर स्टेज प्रोग्राम में देशभक्ति नाटक, गीत, भाषण और कविताओं का शानदार मंचन किया गया।




शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक, पंचायत भवनों, विद्यालयों और कार्यालयों पर तिरंगे की छटा बिखरी रही। रंग-बिरंगे गुब्बारों और सजावट से जनपद मुख्यालय, कुशीनगर जिलाधिकारी कार्यालय देशभक्ति के रंगों में रंगा नजर आया।
तिरंगा यात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और बच्चों की प्रस्तुतियों ने पूरे जिले को एक साथ आज़ादी के जश्न में डुबो दिया।

रिपोर्ट – सच्ची रिपोर्ट कुशीनगर