लाइनमैन की लापरवाही से 28 घंटे अंधेरे में डूबा रहा भुजौली बाजार, ग्रामीणों में आक्रोश


लाइनमैन की लापरवाही से 28 घंटे अंधेरे में डूबा रहा भुजौली बाजार, ग्रामीणों में आक्रोश

रिपोर्ट: दिलीप जायसवाल |  संवाददाता,सच्ची रिपोर्ट खड्डा (कुशीनगर)

जनपद कुशीनगर के विद्युत उपकेंद्र नौरंगिया कोटवा के अंतर्गत आने वाले भुजौली बाजार में रविवार को बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिससे क्षेत्र के ग्रामीण लगभग 28 घंटे तक अंधेरे में रहने को मजबूर हो गए।

जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह करीब 10 बजे भुजौली बाजार में एक बिजली पोल से जंपर तार उड़ गया, जिससे पूरे क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति ठप हो गई। स्थानीय उपभोक्ताओं द्वारा तुरंत इस समस्या की सूचना लाइनमैन लाल बहादुर को दी गई।

लाइनमैन मौके पर तो पहुंचे, लेकिन सीढ़ी की व्यवस्था न होने की बात कहकर वापस लौट गए और मरम्मत कार्य नहीं किया। जब उपभोक्ताओं द्वारा बार-बार प्रयास के बाद भी कोई समाधान नहीं हुआ, तो एसडीओ कोटवा और जेई कोटवा को भी मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन किसी ने कॉल रिसीव नहीं की।

सोमवार को दोपहर बाद, जब जेई को उनके पर्सनल नंबर पर कॉल किया गया, तब जाकर उन्होंने बात सुनी और फॉल्ट की जानकारी ली। इसके बाद करीब 28 घंटे बीतने के बाद सोमवार दोपहर विद्युत आपूर्ति बहाल की जा सकी।

ग्रामीणों का आरोप: बिना पैसे के नहीं होता मरम्मत कार्य

स्थानीय उपभोक्ताओं ने आरोप लगाया है कि लाइनमैन लाल बहादुर द्वारा आए दिन बिजली की मरम्मत के नाम पर पैसे की मांग की जाती है। यदि कोई उपभोक्ता पैसा देने से मना करता है, तो वह मरम्मत कार्य में जानबूझकर देरी करता है। ग्रामीणों का कहना है कि ऐसी कार्यशैली से आमजन को अनावश्यक परेशानी झेलनी पड़ती है और इससे विभाग की छवि भी धूमिल हो रही है।

प्रशासन से कार्रवाई की मांग

स्थानीय लोगों ने विद्युत विभाग के उच्चाधिकारियों से मांग की है कि ऐसे लापरवाह और कथित रूप से भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ जांच कर कड़ी कार्रवाई की जाए, जिससे भविष्य में किसी उपभोक्ता को इस तरह की परेशानी न झेलनी पड़े।




Related Post

Leave a Comment