ग्राम धनौजी में खलिहान भूमि से अवैध कब्जा हटाया गया, ग्रामीणों में खुशी की लहर
कुशीनगर, कसया तहसील।
ग्राम धनौजी, तप्पा भलुआ, तहसील कसया, जनपद कुशीनगर में स्थित आराजी संख्या 151, रकबा 0.069 हेक्टेयर, जो राजस्व अभिलेखों में खलिहान के रूप में दर्ज है, से अवैध कब्जा हटाया गया। यह कार्रवाई मा. उच्च न्यायालय इलाहाबाद के स्पष्ट निर्देशों के अनुपालन में की गई।

कार्रवाई का नेतृत्व उपजिलाधिकारी कसया श्री आशुतोष कुमार के आदेशानुसार किया गया, जिसमें तहसीलदार कसया धर्मवीर सिंह, नायब तहसीलदार फाजिलनगर संदीप कुमार, राजस्व निरीक्षक ओमप्रकाश, तथा लेखपालगण सुनील कुशवाहा, सुनील यादव एवं विश्वदीपक सिंह की टीम मौजूद रही।

टीम ने मौके पर पहुँचकर अवैध निर्माण को हटवाया और भूमि को पुनः ग्राम समाज के खलिहान के रूप में मुक्त कराया।

ग्रामीणों में इस कार्रवाई को लेकर काफी प्रसन्नता है, क्योंकि अब उन्हें फसल काटने के बाद खलिहान में सुरक्षित और पर्याप्त स्थान मिलेगा। ग्रामीणों ने प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वर्षों से कब्जे में रही जमीन को वापस पाकर वे राहत महसूस कर रहे हैं।

खलिहान भूमि पर अब कोई अवैध कब्जा नहीं है, और ग्रामवासी आशा कर रहे हैं कि प्रशासन भविष्य में भी इसी प्रकार सजग और निष्पक्ष कार्रवाई करता रहेगा।