सुकरौली में महिला की रहस्यमय हत्या

हाटा (जगदीश सिंह ) कुशीनगर
कोतवाली क्षेत्र हाटा अंतर्गत नगर पंचायत सुकरौली के वार्ड संख्या 14, महाराणा प्रताप नगर (बढ़या बुजुर्ग) में किराए के मकान में रह रही एक महिला की दिनदहाड़े संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। मृतका की पहचान रंभा देवी पत्नी गोविंद, निवासी सिसवा बाजार, महराजगंज के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, रंभा देवी पिछले कुछ महीनों से अपने डेढ़ वर्षीय बेटे और बहन की 10 वर्षीय बेटी रितिका के साथ किराए पर रह रही थीं। महिला का पति गोविंद प्राइवेट वाहन चालक है, जो दो दिन पूर्व सवारी लेकर घर से बाहर गया था।
दोपहर में जब रितिका स्कूल से लौटी तो मकान का दरवाजा बाहर से बंद था। जैसे ही उसने दरवाजा खोला, अंदर बच्चा रो रहा था और पास में रंभा देवी का शव पड़ा था। रितिका ने शोर मचाया, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर कसया क्षेत्राधिकारी कुंदन सिंह, हाटा थाना प्रभारी रामसहाय चौहान, तितला चौकी प्रभारी सीबी पांडेय सहित भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। दरवाजा खोलवाकर अंदर प्रवेश किया गया, जहां महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिला।
प्रथम दृष्टया यह घटना बेहद शांतिपूर्वक और सुनियोजित ढंग से अंजाम दी गई प्रतीत हो रही है, क्योंकि आसपास किसी ने कोई चीख-पुकार या शोरगुल नहीं सुना। फिलहाल हत्या का कोई प्रत्यक्षदर्शी या ठोस सुराग पुलिस के पास नहीं है।
बताया जा रहा है कि रंभा देवी, गोविंद की दूसरी पत्नी थीं। गोविंद की पहली पत्नी से तीन संतानें हैं, जबकि रंभा देवी से एक बेटा है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना की गंभीरता से जांच जारी है। वारदात के बाद क्षेत्र में भय और शोक का माहौल है, वहीं स्थानीय महिलाओं में असुरक्षा की भावना भी देखी जा रही हैl

Related Post

Leave a Comment