28 दिन की वैधता वाले रिचार्ज प्लान पर उठे सवाल, कमजोर नेटवर्क से उपभोक्ता परेशान

Spread the love

केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से ओमप्रकाश पांडेय ने की हस्तक्षेप की मांग, बोले- उपभोक्ता हितों की अनदेखी बर्दाश्त नहीं

कसया (कुशीनगर)। देश में मोबाइल फोन अब केवल बातचीत का माध्यम नहीं, बल्कि आम आदमी की जिंदगी का अहम हिस्सा बन चुका है। शिक्षा, स्वास्थ्य, बैंकिंग, व्यापार, सरकारी योजनाओं से लेकर रोजमर्रा के कामकाज तक मोबाइल नेटवर्क पर निर्भरता बढ़ गई है। ऐसे में दूरसंचार कंपनियों के रिचार्ज प्लान, इंटरनेट डेटा और नेटवर्क की गुणवत्ता को लेकर उपभोक्ताओं की समस्याएं गंभीर चिंता का विषय बनती जा रही हैं।

कसया क्षेत्र के परास खांड निवासी ओमप्रकाश पांडेय ने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य एम. सिंधिया का ध्यान आकर्षित करते हुए मोबाइल उपभोक्ताओं की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है। उन्होंने सवाल किया कि जब कंपनियां एक महीने के नाम पर रिचार्ज प्लान उपलब्ध कराती हैं तो उपभोक्ताओं को 30 दिनों के बजाय 28 दिनों की वैधता क्यों दी जाती है? आखिर उपभोक्ताओं को पूरे महीने की सुविधा देने में क्या परेशानी है?

उन्होंने कहा कि देश में एक दैनिक मजदूर से लेकर गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति तक मोबाइल का उपयोग कर रहा है। मोबाइल आज विलासिता नहीं, बल्कि जरूरत बन चुका है। इसके बावजूद रिचार्ज प्लान की शर्तें ऐसी हैं कि आम उपभोक्ता को बार-बार रिचार्ज कराने की मजबूरी झेलनी पड़ती है। सरकार को इस व्यवस्था की समीक्षा कर उपभोक्ताओं के हित में उचित कदम उठाना चाहिए।

वैधता समाप्त होते ही इनकमिंग कॉल बंद होने पर भी सवाल

ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि पहले मोबाइल रिचार्ज की वैधता समाप्त होने के बाद भी कई परिस्थितियों में इनकमिंग कॉल की सुविधा जारी रहती थी, लेकिन अब अनेक उपभोक्ताओं को वैधता खत्म होते ही आने वाली कॉल की सुविधा से भी वंचित होना पड़ता है। यहां तक कि जरूरी फोन कॉल का संपर्क भी टूट जाता है। इससे मजदूरों, किसानों, बुजुर्गों, व्यापारियों और नौकरीपेशा लोगों को परेशानी उठानी पड़ती है।

कमजोर नेटवर्क से रिचार्ज का पैसा भी हो रहा प्रभावित

उन्होंने दूरसंचार कंपनियों की नेटवर्क व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि कंपनियां आकर्षक रिचार्ज और डेटा प्लान का प्रचार तो करती हैं, लेकिन कई ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में नेटवर्क की गुणवत्ता संतोषजनक नहीं है। कहीं कॉल ड्रॉप की समस्या है तो कहीं इंटरनेट की गति बेहद धीमी रहती है। ऐसे में उपभोक्ता पैसे खर्च करने के बावजूद अपेक्षित सेवाओं का लाभ नहीं उठा पाते।

उन्होंने मांग की कि कंपनियां पहले अपने मोबाइल टावरों की क्षमता, तकनीकी संसाधनों और नेटवर्क कवरेज को मजबूत करें, ताकि उपभोक्ताओं को रिचार्ज के अनुपात में गुणवत्तापूर्ण सेवाएं मिल सकें।

नेटवर्क की समस्या से बैंकिंग सेवाएं भी प्रभावित

ओमप्रकाश पांडेय ने कहा कि वर्तमान समय में बैंकिंग सेवाएं भी इंटरनेट और मोबाइल नेटवर्क पर काफी हद तक निर्भर हैं। नेटवर्क बाधित होने पर बैंकिंग कार्य प्रभावित होते हैं और ग्राहकों को घंटों इंतजार करना पड़ता है। कई बार नेटवर्क समस्या का हवाला देकर बैंक शाखाओं में कामकाज बाधित होने की स्थिति सामने आती है। इसका सीधा असर आम नागरिकों, पेंशनधारकों, किसानों और जरूरतमंद ग्राहकों पर पड़ता है।

कुशीनगर से आंदोलन शुरू करने की चेतावनी

उन्होंने केंद्रीय दूरसंचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया से मांग की है कि देशभर में मोबाइल रिचार्ज प्लान की वैधता, इनकमिंग कॉल की सुविधा, डेटा उपयोग और नेटवर्क गुणवत्ता की उच्चस्तरीय समीक्षा कराई जाए। ग्रामीण क्षेत्रों में टावरों की क्षमता बढ़ाई जाए तथा सेवा में कमी पाए जाने पर संबंधित कंपनियों की जवाबदेही सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मोबाइल उपभोक्ताओं की समस्याओं का समाधान नहीं किया गया और कंपनियों की मनमानी पर प्रभावी नियंत्रण नहीं लगा तो कुशीनगर की धरती से जनहित में आंदोलन की शुरुआत की जाएगी।

बड़ा सवाल: जब डिजिटल इंडिया की परिकल्पना में प्रत्येक नागरिक को डिजिटल सुविधाओं से जोड़ने की बात हो रही है, तब क्या आम मोबाइल उपभोक्ता को उचित रिचार्ज, पर्याप्त वैधता, निर्बाध नेटवर्क और बेहतर सेवा का अधिकार नहीं मिलना चाहिए? सरकार और दूरसंचार विभाग को इस दिशा में गंभीरता से विचार करना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *