
पुलिस सेवा में करीब दो दशक का सफर, वर्तमान में कुशीनगर के चौरा खास थाने में हेड दीवान के पद पर हैं तैनात
कुशीनगर। (सच्ची रिपोर्ट)
पुलिस विभाग में सेवा करना केवल एक नौकरी नहीं, बल्कि समाज और आमजन के प्रति जिम्मेदारी निभाने का महत्वपूर्ण दायित्व है। इसी भावना के साथ योगेंद्र मिश्रा पिछले करीब दो दशकों से पुलिस विभाग में अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
वर्ष 2006 बैच की पुलिस भर्ती में चयनित योगेंद्र मिश्रा उत्तर प्रदेश के जनपद बहराइच के मूल निवासी हैं। उनकी पहली तैनाती 26 नवंबर 2008 को जनपद गोंडा के करनैलगंज थाने में हुई थी। यहीं से उन्होंने अपने पुलिस सेवाकाल की शुरुआत की। इसके बाद उनका स्थानांतरण गोरखपुर जनपद में हुआ, जहां भी उन्होंने विभागीय जिम्मेदारियों का निर्वहन किया।
दिसंबर 2023 में योगेंद्र मिश्रा का आगमन जनपद कुशीनगर में हुआ। पुलिस लाइन में सेवाएं देने के बाद पुलिस अधीक्षक कुशीनगर द्वारा उन्हें थाना चौरा खास में हेड दीवान के पद पर तैनाती दी गई। तब से वह इसी थाने पर अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन कर रहे हैं।
पुलिस विभाग में लंबे सेवाकाल के दौरान उनका अनुभव जनता और विभाग के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। थाने पर आने वाले फरियादियों की समस्याओं को सुनना, पुलिस अभिलेखों से संबंधित कार्यों का निष्पादन तथा विभागीय दायित्वों को समयबद्ध तरीके से पूरा करना उनकी जिम्मेदारियों का हिस्सा है।
योगेंद्र मिश्रा का पुलिस सेवा में सफर इस बात का परिचायक है कि वर्दी के साथ जुड़ी जिम्मेदारियों का निर्वहन धैर्य, अनुशासन, निष्ठा और ईमानदारी के साथ किया जाना आवश्यक है। करीब 20 वर्षों की सेवा यात्रा में उन्होंने विभिन्न जनपदों में कार्य करते हुए अपने अनुभव को निरंतर आगे बढ़ाया है।
जनसेवा के प्रति समर्पण और जिम्मेदारी के साथ पुलिस विभाग में उनकी यह सेवा यात्रा निरंतर जारी है।
