निपुण भारत मिशन से निखरेगी परिषदीय विद्यालयों की शिक्षा, डायट कुशीनगर में 13 प्रवक्ताओं के जिम्मे 1200 शिक्षकों को दक्ष बनाने की जिम्मेदारी

Spread the love
दीनानाथ डायट प्राचार्य कुशीनगर

प्राचार्य दीनानाथ के नेतृत्व में प्रशिक्षण अभियान को गति, दिसंबर से शुरू होगा निपुण विद्यालयों का आकलन

सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर।

परिषदीय प्राथमिक विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता सुधारने और बच्चों को बुनियादी शिक्षा में दक्ष बनाने के लिए केंद्र एवं प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना निपुण भारत मिशन पर विशेष जोर दिया जा रहा है। इस मिशन के प्रभावी क्रियान्वयन में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो गई है। डायट के माध्यम से शिक्षकों को प्रशिक्षित कर उन्हें आधुनिक शिक्षण पद्धति, बच्चों की सीखने की क्षमता तथा बुनियादी भाषा एवं गणितीय ज्ञान विकसित करने के लिए तैयार किया जा रहा है।

कुशीनगर स्थित डायट की कमान 8 सितंबर 2026 को गाजीपुर जनपद से स्थानांतरित होकर आए प्राचार्य दीनानाथ ने संभाली। इससे पूर्व वह मऊ और आजमगढ़, सिद्धार्थ नगर,जनपदों में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। वर्तमान में उनके नेतृत्व में डायट कुशीनगर में 13 प्रवक्ताओं की टीम के माध्यम से लगभग 1200 शिक्षकों को प्रशिक्षण देकर प्राथमिक विद्यालयों में प्रभावी शिक्षण के लिए दक्ष बनाने की जिम्मेदारी निभाई जा रही है। प्रशिक्षण एवं निर्धारित दक्षता मूल्यांकन के उपरांत शिक्षकों को प्रमाणपत्र भी प्रदान किए जाते हैं।

क्या है निपुण भारत मिशन?

निपुण भारत का पूरा नाम नेशनल इनिशिएटिव फॉर प्रोफिशिएंसी इन रीडिंग विद अंडरस्टैंडिंग एंड न्यूमेरेसी (NIPUN Bharat) है। इसकी शुरुआत केंद्र सरकार के शिक्षा मंत्रालय ने 5 जुलाई 2021 को की थी।

इसका मुख्य उद्देश्य बच्चों में आधारभूत साक्षरता एवं संख्यात्मक ज्ञान (FLN) विकसित करना है। राष्ट्रीय स्तर पर निर्धारित लक्ष्य के अनुसार प्रत्येक बच्चे को कक्षा तीन के अंत तक पढ़ने, लिखने और बुनियादी गणितीय गणनाएं करने में दक्ष बनाना है। उत्तर प्रदेश में मिशन को परिषदीय विद्यालयों में कक्षा पांच तक विस्तारित करने के लिए भी शासन स्तर से कदम उठाए गए हैं।

बच्चों में विकसित की जाएंगी ये दक्षताएं

निपुण भारत मिशन के अंतर्गत बच्चों को केवल किताबें पढ़ाना ही उद्देश्य नहीं है, बल्कि उनकी वास्तविक सीखने की क्षमता विकसित करना प्राथमिकता है।

भाषा ज्ञान: अक्षरों, शब्दों और वाक्यों की पहचान तथा सही उच्चारण।

पठन क्षमता: कहानी, अनुच्छेद और पाठ को पढ़कर उसका अर्थ समझना।

लेखन क्षमता: सरल शब्दों और वाक्यों में अपने विचार व्यक्त करना।

गणितीय दक्षता: संख्या पहचान, जोड़, घटाव और बुनियादी गणितीय सवाल हल करना।

गतिविधि आधारित शिक्षा: खेल, चित्र, कहानी और दैनिक जीवन के उदाहरणों से बच्चों को पढ़ाना।

अब डीएलएड प्रशिक्षु करेंगे निपुण विद्यालयों का आकलन

प्रदेश सरकार ने शैक्षिक सत्र 2026-27 में निपुण भारत मिशन को और प्रभावी बनाने के लिए परिषदीय प्राथमिक एवं कंपोजिट विद्यालयों में निपुण विद्यालय आकलन कराने का निर्णय लिया है।

शासन के 12 नवंबर 2026 के निर्देश के अनुसार यह आकलन दो चरणों में कराया जाएगा। प्रथम चरण 21 से 30 दिसंबर 2026 तथा द्वितीय चरण 20 से 30 जनवरी 2027 तक निर्धारित है।

आकलन के लिए निपुण प्लस ऐप का इस्तेमाल होगा। इसमें विद्यार्थियों का चयन रैंडम तरीके से किया जाएगा। जियो-फेंसिंग और डिजिटल तकनीक के माध्यम से मूल्यांकन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने की व्यवस्था की गई है। बच्चों की लिखित दक्षता का आकलन भी तकनीकी माध्यम से किया जाएगा।

75 प्रतिशत अंक पर बच्चा होगा निपुण

25 नवंबर से प्रशिक्षण, 3 और 4 दिसंबर को डायट में विशेष कार्यक्रम

निपुण विद्यालय आकलन की तैयारियों के लिए प्रदेश स्तर पर 25 नवंबर से प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हो रहे हैं। 27 नवंबर को रोस्टर सत्यापन और मूल्यांकन प्रक्रिया का प्रशिक्षण निर्धारित है। 30 नवंबर को एससीईआरटी उत्तर प्रदेश में जिला समन्वयकों का अभिमुखीकरण कार्यक्रम होगा।

प्रशिक्षण की सफलता का असली पैमाना बच्चों की शैक्षिक दक्षता

डायट कुशीनगर में 13 प्रवक्ताओं के माध्यम से लगभग 1200 शिक्षकों को दक्ष बनाने का अभियान जिले की प्राथमिक शिक्षा के लिए महत्वपूर्ण है। लेकिन इस पूरी कवायद की वास्तविक सफलता तभी मानी जाएगी, जब प्रशिक्षण प्राप्त शिक्षक विद्यालयों में उसका प्रभावी उपयोग करें और बच्चों के पढ़ने, लिखने तथा गणितीय ज्ञान में सकारात्मक बदलाव दिखाई दे।

रिपोर्ट : के.एन. साहनी / तेजप्रताप सिंह, कुशीनगर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *