अयोध्या में लेखपाल की गिरफ्तारी के विरोध में लेखपालों ने की कलम बंद हड़ताल

अयोध्या में लेखपाल की गिरफ्तारी के विरोध में लेखपालों ने की कलम बंद हड़ताल,,
कसया, कुशीनगर। अयोध्या में विजिलेंस टीम द्वारा एक लेखपाल की गिरफ्तारी के विरोध में उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर शनिवार को प्रदेशभर की तहसीलों में कार्यरत लेखपालों ने एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल की। इसी क्रम में कुशीनगर जिले की कसया तहसील में भी लेखपालों ने तहसील परिसर स्थित लेखपाल संघ भवन के सभागार में एकत्र होकर कार्रवाई का विरोध जताया।
लेखपाल संघ के तहसील मंत्री सुनील कुशवाहा ने आरोप लगाया कि अयोध्या में संबंधित लेखपाल को फाइल में पैसा रखकर फर्जी तरीके से गिरफ्तार किए जाने का मामला सामने आया है। संघ ने इस कार्रवाई को गलत और तथ्यहीन बताया है।
सुनील कुशवाहा ने कहा कि पूरे मामले में मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य है। फुटेज में गिरफ्तारी के दौरान की पूरी गतिविधि सामने आने की बात कही जा रही है। संघ की मांग है कि सीसीटीवी फुटेज की निष्पक्ष जांच कराई जाए, जिससे पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सके।
लेखपाल संघ ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराकर दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाए तथा निर्दोष लेखपाल को न्याय दिलाया जाए।
कसया तहसील में आयोजित विरोध प्रदर्शन के दौरान लेखपालों ने एकजुट होकर अपनी मांगों के समर्थन में आवाज बुलंद की। एक दिवसीय कलम बंद हड़ताल के चलते तहसील में लेखपालों से संबंधित राजस्व कार्य प्रभावित रहे।
ये लेखपाल रहे उपस्थित
धरने में अनिल कुमार  मिश्रा लेखपाल,गुलकसा खातून, अर्पित दुबे, विभा कश्यप, संजीवन मिश्रा, बंश बहादुर, निशा निगम, संध्या शाह, असलम, सन्नी गुप्ता एवं रामेन्द्र तिवारी सहित अन्य लेखपाल उपस्थित रहे।
रिपोर्ट: के. एन. साहनी | सच्ची रिपोर्ट

Related Post

Leave a Comment