
कुशीनगर। थाना जटहा बाजार क्षेत्र के सरया टोला में रास्ते के विवाद को लेकर दो पक्षों में हुए खूनी संघर्ष में मनिंदर साहनी पुत्र परमा साहनी गंभीर रूप से घायल हो गए।


पीड़ित पक्ष का आरोप है कि कांता साहनी पुत्र लुटावन, मेवालाल साहनी, राजकुमार पुत्र बासुकीनाथ और मीना देवी पत्नी बासुकीनाथ ने मिलकर मनिंदर साहनी पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। आरोपियों ने हमला करने के बाद जलती आग उठाकर मनिंदर के पैर पर भी फेंक दिया, जिससे वह बुरी तरह झुलस गया।




घायल मनिंदर साहनी को आनन-फानन में जिला मेडिकल कॉलेज कुशीनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घटना की सूचना पर स्थानीय जटहा बाजार पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस का कहना है कि प्राथमिक उपचार और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
घायल मनिंदर साहनी ने प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि अगर राजस्व विभाग के लेखपाल और कानूनगो ने समय रहते रास्ते के विवाद को सुलझा दिया होता, तो यह स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
ग्रामीणों ने भी राजस्व विभाग की घोर लापरवाही को इस झगड़े का मुख्य कारण बताया है। पीड़ित पक्ष ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
रिपोर्ट :शिबबन निषाद /साकिर अली