सभासद से कथित बदसलूकी पर भड़के पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू, सैकड़ों समर्थकों संग सेवरही थाने पर दिया धरना

Spread the love

सभासद से कथित बदसलूकी पर भड़के पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू, सैकड़ों समर्थकों संग सेवरही थाने पर दिया धरना

थाना प्रभारी के कथित दुर्व्यवहार से गरमाया माहौल, थाने के गेट पर शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन

सीओ तमकुहीराज के हस्तक्षेप और उचित कार्रवाई के आश्वासन पर समाप्त हुआ धरना

सेवरही, कुशीनगर। सेवरही नगर पंचायत के किदवई नगर वार्ड के सभासद सुमित रौनियार के साथ बीती रात थाना प्रभारी द्वारा कथित रूप से बदसलूकी किए जाने का मामला मंगलवार को गरमा गया। घटना से नाराज तमकुहीराज के पूर्व विधायक एवं उत्तर प्रदेश कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू सैकड़ों समर्थकों के साथ सेवरही थाने पहुंच गए। उन्होंने थाना गेट पर ही धरना शुरू कर दिया, जिससे पुलिस महकमे में हलचल मच गई।

जनप्रतिनिधि के सम्मान का उठाया मुद्दा

धरने के दौरान पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने कहा कि एक निर्वाचित जनप्रतिनिधि के साथ इस तरह का व्यवहार किसी भी कीमत पर स्वीकार्य नहीं है। पुलिस जनता की सुरक्षा और सेवा के लिए है। जनप्रतिनिधियों का अपमान करना किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। उन्होंने पूरे प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए उचित कार्रवाई की मांग की।

सीओ के हस्तक्षेप पर शांत हुआ मामला

थाने पर धरना दिए जाने की सूचना मिलते ही क्षेत्राधिकारी तमकुहीराज मौके पर पहुंचे। उन्होंने संबंधित पक्षों से बातचीत कर उनका पक्ष सुना तथा मामले में उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पूर्व विधायक अजय कुमार लल्लू ने धरना समाप्त कर दिया।

घटना के बाद क्षेत्र में पुलिस के व्यवहार और जनप्रतिनिधियों के सम्मान को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है। अब देखना होगा कि पुलिस प्रशासन इस मामले में आगे क्या कार्रवाई करता है।

सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर

रिपोर्ट: भीम मद्धेशिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *