


.……और तीस हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार हुए डाक्टर शांति प्रकाश द्विवेदी
कुशीनगर: 30 हजार रुपये रिश्वत लेते मुख्य पशु चिकित्साधिकारी गिरफ्तार


मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के लाभार्थी से मांगे थे 50 हजार रुपये
विजिलेंस प्रभारी निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में ट्रैप टीम की कार्रवाई
कुशीनगर। भ्रष्टाचार के खिलाफ उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान, गोरखपुर की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कुशीनगर के मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. शांति प्रकाश द्विवेदी को 30 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी विकास भवन स्थित उनके कार्यालय से की गई।
सतर्कता अधिष्ठान की प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, शिकायतकर्ता दिनेश कुमार गुप्ता निवासी बरवाराजा पाकड़, थाना तुर्कपट्टी ने आरोप लगाया था कि मिनी नंदिनी कृषक समृद्धि योजना के वित्तीय वर्ष 2025-26 में सरकारी सहायता दिलाने के एवज में मुख्य पशु चिकित्साधिकारी ने उनसे 50 हजार रुपये रिश्वत की मांग की थी। बाद में काफी अनुरोध पर 30 हजार रुपये लेने की बात तय हुई।
शिकायतकर्ता ने रिश्वत देने के बजाय अधिकारी को रंगे हाथ पकड़वाने का निर्णय लिया और गोरखपुर सतर्कता अधिष्ठान में लिखित शिकायत की। शिकायत की जांच के बाद पुलिस अधीक्षक घनश्याम चौरसिया के निर्देश पर निरीक्षक शैलेन्द्र कुमार राय के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई।
कार्रवाई के बाद विजिलेंस टीम आरोपी अधिकारी को पुलिस लाइन ले गई, जहां पूछताछ के बाद उन्हें आगे की विधिक कार्रवाई के लिए गोरखपुर रवाना किया गया।
सरकारी योजना के लाभार्थी से रिश्वत मांगने के आरोप में जिला स्तरीय अधिकारी की गिरफ्तारी से विकास भवन और पशु चिकित्सा विभाग में हलचल मच गई। सतर्कता अधिष्ठान के मुताबिक, आरोपी के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर
ना पक्ष! ना विपक्ष! सिर्फ निष्पक्ष।
