पखिहवा गांव में आंगनवाड़ी शौचालय पर आरओ लगाने को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने जताया विरोध

तमकुहीराज का मामला

पखिहवा गांव में आंगनवाड़ी शौचालय पर आरओ लगाने को लेकर बवाल, ग्रामीणों ने जताया विरोध


बगल में आरओ लगाने की मांग, जिलाधिकारी से करेंगे संवाद

तमकुहीराज विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत पखिहवा उर्फ करजहा में आंगनवाड़ी केंद्र के शौचालय की टंकी के ऊपर आरओ प्लांट लगाने को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों ने इसे अव्यवहारिक और गैर जिम्मेदाराना निर्णय बताते हुए विरोध दर्ज कराया है। उनका कहना है कि यह कार्य न केवल शौचालय व्यवस्था को बाधित करेगा, बल्कि बच्चों और महिला कर्मचारियों के स्वास्थ्य व सुरक्षा से भी जुड़ा मामला है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कार्यदायी संस्था शौचालय की टंकी को तोड़कर वहां आरओ लगाने की कोशिश कर रही है, जिससे आंगनवाड़ी केंद्र के शौचालय बंद हो जाएंगे। इससे महिला कर्मचारियों और छोटे बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।

ग्राम प्रधान प्रतिनिधि चंद्रभूषण मिश्र और ग्राम पंचायत अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और उन्होंने कार्यदायी संस्था को समझाने का प्रयास किया कि शौचालय को क्षतिग्रस्त किए बिना बगल में खाली स्थान पर आरओ लगाया जाए। परंतु ग्रामीणों के अनुसार, संस्था के प्रतिनिधियों ने बातचीत के बजाय उल्टा धमकी देनी शुरू कर दी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि कार्यदायी संस्था ने बिना कार्य पूर्ण किए ही पहले से एक किस्त का भुगतान फर्जी तरीके से प्राप्त कर लिया है और अब दूसरी किस्त के भुगतान से पहले जांच में गड़बड़ी पकड़े जाने के डर से हड़बड़ी में निर्माण करा रही है।

ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत आईजीआरएस के माध्यम से मुख्यमंत्री पोर्टल पर की है और अब वे जिलाधिकारी कुशीनगर के समक्ष आंगनवाड़ी केंद्र के बच्चों के साथ प्रदर्शन करने की तैयारी में हैं। इस मुद्दे को लेकर गांव में तनाव का माहौल बन गया है।

जब इस संबंध में कार्यदायी संस्था से जानकारी लेनी चाही गई, तो उन्होंने संवाद करने से इनकार कर दिया और पत्रकारों से कहा कि “हमें सरकार से पैसा मिला है, हम निर्माण कराएंगे, जिसे दिक्कत है वह खुद शौचालय बनवा ले।”

ग्रामीणों की यह मांग है कि बच्चों और महिला कर्मचारियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए शौचालय की संरचना से छेड़छाड़ न की जाए और बगल में खाली जगह में ही आरओ प्लांट स्थापित किया जाए।

संवाददाता :के०एन०साहनी
पडरौना, कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment

Breaking News

Follow me

इस तरह की वेबसाइट बनवाने के लिए संपर्क करे

Mob 8948760348 Add- Ravindra Nagar, Padrauna, Kushinagar