प्रेमी-प्रेमिका का शव पेड़ से लटका मिला, छह माह पहले की थी कोर्ट मैरिज,,
सच्ची रिपोर्ट न्यूज, कुशीनगर | 29 जुलाई 2026
जनपद कुशीनगर के थाना हनुमानगंज क्षेत्र अंतर्गत जिंदा छपरा गांव में बुधवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती का शव लीची के पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, दिनांक 29 जुलाई 2026 को लगभग दोपहर 1:00 बजे मोबाइल फोन के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि जिंदा छपरा गांव में एक युवक और युवती ने आत्महत्या कर ली है तथा दोनों के शव लीची के पेड़ से लटके हुए हैं।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के दौरान मृतकों की पहचान रितेश कुमार (22 वर्ष) पुत्र दयानिधि भारती, निवासी जिंदा छपरा तथा पूजा शर्मा (21 वर्ष) पुत्री गोपाल शर्मा, निवासी वार्ड नंबर 09, खड्डा, थाना खड्डा, जनपद कुशीनगर के रूप में की।
प्रारंभिक जांच में यह जानकारी सामने आई कि दोनों ने लगभग छह माह पूर्व कोर्ट मैरिज की थी और इसके बाद से जिंदा छपरा गांव में साथ रह रहे थे।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की सभी पहलुओं से गहन जांच की जा रही है ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ वर्मा ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस सभी बिंदुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल मौके पर शांति व्यवस्था कायम है और पुलिस मामले की विस्तृत विवेचना में जुटी हुई है।