सहपाठी से विवाद के बाद घायल छात्र की मौत, स्कूल पर लापरवाही का आरोप
कुशीनगर(जगदीश सिंह)
हाटा क्षेत्र के ढाढ़ा स्थित एक निजी विद्यालय में सहपाठी से हुए विवाद के बाद घायल नौ वर्षीय छात्र की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों ने विद्यालय प्रशासन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि घटना के समय ही स्कूल ने चोट को गंभीरता से लेकर तत्काल इलाज कराया होता, तो मासूम की जान बच सकती थी। हालांकि विद्यालय प्रशासन ने आरोपों से इनकार किया है। पुलिस का कहना है कि तहरीर मिलने पर जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
अहिरौली थाना क्षेत्र के भगवानपुर गांव निवासी उमेश कुमार गौतम का पुत्र सौरभ (सौरम) गौतम हाटा-ढाढ़ा स्थित संत पुष्पा इंटरमीडिएट कॉलेज में कक्षा दो का छात्र था। परिजनों के अनुसार छह जुलाई को कक्षा में सहपाठी से विवाद के दौरान उसे धक्का दे दिया गया, जिससे वह गिर पड़ा और उसके सिर में गंभीर चोट लगी।
मृतक की मां रेखा देवी का आरोप है कि घटना के समय शिक्षक कक्षा में मौजूद थे और बच्चों ने उन्हें पूरी जानकारी भी दी, लेकिन किसी ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। अगले दिन शिकायत करने पर भी यह कहकर टाल दिया गया कि बच्चे खेलते समय अक्सर गिर जाते हैं।
परिजनों के मुताबिक कुछ दिन तक सौरभ सामान्य दिखाई दिया, लेकिन बाद में उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। गुरुवार सुबह उसकी नाक से काले रंग का रक्त निकलने पर उसे स्थानीय अस्पताल ले जाया गया। वहां से गोरखपुर मेडिकल कॉलेज और फिर दिल्ली एम्स रेफर किया गया। परिजनों का दावा है कि जांच में सिर में गंभीर अंदरूनी चोट की पुष्टि हुई। इलाज के दौरान 11 जुलाई की रात करीब 8:55 बजे उसकी मौत हो गई।
शव गांव पहुंचने पर मातम छा गया। अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। एहतियात के तौर पर पुलिस बल भी तैनात रहा। दुबई में मजदूरी करने वाले पिता उमेश कुमार गौतम बेटे की मौत की सूचना मिलते ही भारत लौट आए। उन्होंने स्कूल प्रशासन पर लापरवाही का आरोप दोहराते हुए निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की।
हाटा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक दीपक सिंह ने बताया कि अभी तक कोई लिखित तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं विद्यालय प्रशासन का कहना है कि छात्र घटना के बाद नियमित रूप से विद्यालय आता रहा और विद्यालय में घायल होने वाले बच्चों को तत्काल उपचार उपलब्ध कराया जाता है।

