बृहद वृक्षारोपण अभियान: वन विभाग एवं पुलिस ने लगाया पौधा, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
कुशीनगर। प्रदेश सरकार के बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत रविवार को जनपद कुशीनगर के विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। इस दौरान वन विभाग, पुलिस प्रशासन एवं स्थानीय लोगों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
प्रभागीय वनाधिकारी वरुण सिंह ने बताया कि सरकार का लक्ष्य अधिक से अधिक खाली भूमि पर वृक्षारोपण कर हरित आवरण बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि “वृक्ष हैं तो जीवन है। प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह कम से कम एक पौधा अवश्य लगाए और उसकी देखभाल भी करे।”
बृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के अंतर्गत कसया तहसील क्षेत्र के साखोपार, कसया, डायट सहित विभिन्न स्थानों पर आम, पीपल, नीम, बरगद, शीशम एवं अन्य प्रजातियों के पौधे लगाए गए। इसके अलावा थाना पर्यटक परिसर में थानाध्यक्ष शरद भारती एवं उनकी टीम ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कहा कि वृक्षारोपण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए एक सतत जनआंदोलन है। सभी नागरिकों को पौधे लगाने के साथ-साथ उनकी नियमित देखभाल का भी संकल्प लेना चाहिए।


