हाटा कोतवाली पहुंचा मकान निर्माण विवाद, ठेकेदार ने बकाया और बाइक लौटाने की मांग की


हाटा, कुशीनगर। कोतवाली हाटा क्षेत्र के ग्राम रामपुर सोहरौना में मकान निर्माण को लेकर मकान मालिक और भवन निर्माण ठेकेदार के बीच भुगतान एवं सामान को लेकर विवाद सामने आया है। मामले में दोनों पक्षों ने अपने-अपने दावे किए हैं। ठेकेदार ने पुलिस से बकाया भुगतान, बाइक और शटरिंग का सामान वापस दिलाने की मांग की है, जबकि मकान मालिक ने अधिकांश भुगतान किए जाने का दावा किया है।
भवन निर्माता राधेश्याम प्रजापति पुत्र मोती, निवासी बरवा छतरदास, थाना कोतवाली हाटा ने बताया कि ग्राम रामपुर सोहरौना निवासी उदयभान सिंह पुत्र उत्तम सिंह ने अपने मकान का निर्माण कराने के लिए उनसे संपर्क किया था। दोनों पक्षों के बीच 190 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से मकान निर्माण का ठेका तय हुआ। इसके बाद उन्होंने मजदूरों और शटरिंग के सामान के साथ निर्माण कार्य शुरू कराया। राधेश्याम के अनुसार बुनियाद, कुर्सी भरान और लगभग आठ फुट तक निर्माण कार्य कराया गया।
राधेश्याम का कहना है कि इसी दौरान उनके पुत्र पंकज अपने मित्र मंदीप सिंह के साथ गोरखपुर के रानीडीहा के पास सड़क दुर्घटना में घायल हो गए। पुत्र के इलाज में व्यस्त होने के कारण निर्माण कार्य कुछ समय के लिए रुक गया। उनका आरोप है कि इलाज के लिए उन्होंने मकान मालिक से भुगतान की मांग की, लेकिन बकाया राशि नहीं दी गई।
राधेश्याम ने आरोप लगाया कि उनकी बाइक संख्या UP 57 BR 1639 को उदयभान सिंह ने अपने कब्जे में ले रखा है और अब तक वापस नहीं किया है। इसके अलावा निर्माण कार्य में प्रयुक्त शटरिंग का सामान भी उनके पास रखा हुआ है। उनका कहना है कि कई बार मांग करने के बावजूद न तो बाइक और सामान लौटाया गया और न ही पूरा हिसाब-किताब किया गया। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर बाइक, शटरिंग का सामान वापस दिलाने तथा बकाया भुगतान कराने की मांग की है।

वहीं, उदयभान सिंह ने बातचीत में बताया कि मकान निर्माण का ठेका 190 रुपये प्रति वर्ग फुट की दर से तय हुआ था। उनके अनुसार उन्होंने अब तक राधेश्याम प्रजापति को करीब 1 लाख 97 हजार रुपये का भुगतान कर दिया है, जबकि किए गए कार्य का कुल हिसाब करीब 2 लाख 17 हजार रुपये बनता है। उनका कहना है कि दोनों पक्षों के बीच केवल हिसाब-किताब का विवाद है और शेष भुगतान का निस्तारण हिसाब मिलान के बाद किया जा सकता है।
मामले को लेकर हाटा कोतवाली पुलिस से शिकायत की गई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर दोनों पक्षों के बयान, भुगतान संबंधी दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।बाइक को कब्जे में रखने तथा अन्य आरोप राधेश्याम प्रजापति के दावे पर आधारित हैं। इनकी पुष्टि पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।)