संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिला युवक का शव, गांव में मातम; फॉरेंसिक टीम साक्ष्य जुटाने में लगी
घटना स्थल पर एडिशनल एसoपी सिद्धार्थ वर्मा ,
SDM डाo संतराज सिंह बघेल
सीओ डॉo अजय कुमार सिंह ,
थानाध्यक्ष इत्यांनंद पाण्डेय,
सच्ची रिपोर्ट | कुशीनगर
जनपद कुशीनगर के थाना कसया क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दिघवा बुजुर्ग, वार्ड संख्या-5 (बापू नगर) में शनिवार सुबह एक 20 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान गोलू पुत्र राजू प्रसाद के रूप में हुई है।
बताया जा रहा है कि शनिवार सुबह ग्रामीण जब सेमरहना पोखरी के पास खेत की ओर गए तो उन्होंने एक युवक का शव पड़ा देखा। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।
मृतक के छोटे भाई सौरभ ने बताया कि गोलू को शुक्रवार शाम करीब 8 बजे गांव की पुलिया पर आखिरी बार देखा गया था। इसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। शनिवार सुबह खेत में उसका शव मिलने की सूचना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन तत्काल सक्रिय हो गया। मौके पर एसडीएम डॉ. संतराज सिंह बघेल, सीओ कसया डॉ. अजय कुमार सिंह, थानाध्यक्ष इत्यानंद पाण्डेय सहित अन्य पुलिस अधिकारी पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के लिए पहुंची फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। इसी दौरान मृतक का मोबाइल फोन शव से लगभग 10 मीटर की दूरी पर पड़ा मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मोबाइल के कॉल रिकॉर्ड, लोकेशन और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रही है।
घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और ग्रामीण भी इस घटना से स्तब्ध हैं। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा मृतक की अंतिम गतिविधियों के बारे में जानकारी एकत्र कर रही है।
एडिशनल एसपी सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही विशेष टीम को मौके पर भेजा गया। अभी तक किसी भी पक्ष से तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है और शीघ्र ही घटना का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट तथा फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।


