बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त होगी कार्रवाई, पांच चालान के बाद ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त होने की चेतावनी

बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त होगी कार्रवाई, पांच चालान के बाद ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त होने की चेतावनी
कुशीनगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने यातायात नियमों के कड़ाई से पालन कराने की तैयारी तेज कर दी है। विभाग का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ अब और सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एआरटीओ ने बताया कि चार पहिया वाहन चालकों के लिए सीट बेल्ट लगाना अनिवार्य है। बिना सीट बेल्ट वाहन चलाते पाए जाने पर ई-चालान किया जाएगा। वहीं दोपहिया वाहन चालकों और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए हेलमेट पहनना भी अनिवार्य है। हेलमेट के बिना वाहन चलाने वालों पर भी नियमानुसार कार्रवाई होगी।
उन्होंने बताया कि विभिन्न चेकपोस्टों एवं प्रमुख मार्गों पर लगे सीसीटीवी और एएनपीआर कैमरों से 24 घंटे निगरानी की जा रही है। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन स्वतः कैमरों में दर्ज हो रहे हैं और उनके विरुद्ध ई-चालान की कार्रवाई की जा रही है।
वाहन चलाते समय मोबाइल फोन पर बात करना, ब्लूटूथ ईयरफोन, वॉकमैन या अन्य उपकरण लगाकर ड्राइविंग करना भी खतरनाक और नियमों के विरुद्ध है। यदि किसी वाहन चालक को ऐसा करते हुए पकड़ा गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। यदि बात करना अत्यंत आवश्यक हो तो पहले वाहन को सुरक्षित स्थान पर रोकें, उसके बाद ही फोन का उपयोग करें।
एआरटीओ ने कहा कि सड़क पर आपकी एक छोटी-सी लापरवाही किसी निर्दोष व्यक्ति की जान जोखिम में डाल सकती है। इसलिए सभी वाहन चालक यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करें।
विभाग ने चेतावनी दी है कि यदि कोई वाहन चालक लगातार यातायात नियमों का उल्लंघन करता है और उसके नाम पर बार-बार ई-चालान जारी होते हैं, तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। लगातार पांच बार चालान होने के बाद भी सुधार नहीं होने पर ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त किए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा सकती है। ऐसे मामलों में वाहन स्वामी को विभाग की ओर से सूचना भी भेजी जाएगी।
यातायात विभाग ने सभी नागरिकों से अपील की है कि नियमों का पालन करें, स्वयं सुरक्षित रहें और दूसरों की जान की भी रक्षा करें।

Related Post

Leave a Comment

बार-बार ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर सख्त होगी कार्रवाई, पांच चालान के बाद ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त होने की चेतावनीकुशीनगर। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से एआरटीओ दिलीप गुप्ता ने यातायात नियमों के कड़ाई से पालन कराने की तैयारी तेज कर दी है। विभाग का कहना है कि … Read more