अंत्येष्टि स्थल पहुंचकर विधायक पी.एन. पाठक ने दी श्रद्धांजलि
मार्ग दुर्घटना में हुई अमर सिंह पटेल की मौत, परिजनों को बंधाया ढांढस
कुशीनगर(जगदीश सिंह)
कुशीनगर विधायक पी.एन. पाठक ने रविवार को कसया नगर के वार्ड संख्या-22 स्थित सूखा टोला निवासी अमर सिंह पटेल के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। अमर सिंह पटेल की दो दिन पूर्व मार्ग दुर्घटना में घायल होने के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी।
दुखद सूचना मिलने पर विधायक पी.एन. पाठक अंत्येष्टि स्थल पहुंचे और अंतिम संस्कार में शामिल होकर दिवंगत को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और इस कठिन समय में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
विधायक ने कहा कि अमर सिंह पटेल का निधन अत्यंत पीड़ादायक है। परिवार के प्रति उनकी गहरी संवेदना है और वे हर परिस्थिति में पीड़ित परिवार के साथ खड़े हैं।
उन्होंने मौके से ही संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर दिवंगत के परिजनों को शासन द्वारा अनुमन्य सभी सरकारी सहायता शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट रूप से कहा कि सहायता प्रक्रिया में किसी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक विलंब न हो और परिवार को नियमानुसार सभी सुविधाएं समय से मिलें।
इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने दिवंगत अमर सिंह पटेल को श्रद्धांजलि देते हुए ईश्वर से उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।