सड़क की पटरी पर अतिक्रमण से राहगीर परेशान, दुर्घटना की आशंका

सड़क की पटरी पर अतिक्रमण से राहगीर परेशान, दुर्घटना की आशंका

के एन साहनी कुशीनगर

मोतीचक, कुशीनगर। विकास खंड मोतीचक के हाटा-कप्तानगंज मार्ग स्थित झांगा बाजार में सड़क की पटरियों पर बढ़ते अतिक्रमण और अव्यवस्थित ढंग से खड़े वाहनों के कारण राहगीरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। फुटपाथों पर दुकानदारों द्वारा अवैध रूप से दुकानें सजाने के चलते पैदल चलने वालों के लिए रास्ता लगभग बंद हो गया है।

स्थानीय लोगों के अनुसार झांगा बाजार में प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए आते हैं, लेकिन सड़क की पटरियों पर अतिक्रमण होने के कारण उन्हें अपनी जान जोखिम में डालकर मुख्य सड़क अथवा सर्विस रोड से होकर गुजरना पड़ता है। बाजार में एक तरफ मांस, मछली और ठेला-खोमचा की दुकानें लगी रहती हैं, जबकि दूसरी तरफ मदिरा की दुकान होने से दिनभर भीड़ का माहौल बना रहता है।

इसके अलावा खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन सड़क किनारे अव्यवस्थित ढंग से खड़े कर देते हैं, जिससे अक्सर जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती है।

क्षेत्रीय निवासी आनंद सिंह, अवधेश सिंह, सुधाकर तिवारी, नन्हे राव और मिथिलेश तिवारी सहित अन्य लोगों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार संबंधित विभाग और प्रशासन से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।

स्थानीय लोगों ने शासन-प्रशासन से मांग की है कि झांगा बाजार में अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाकर सड़क की पटरियों को अतिक्रमण मुक्त कराया जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाया जाए, ताकि राहगीरों और बाजार आने वाले लोगों को राहत मिल सके।

Related Post

Leave a Comment