प्रशासन की तत्परता से युवक को टावर से नीचे उतारा गया

एस डीएम पडरौना मानवता के बने मिशाल

टावर पर चढ़ा युवक, प्रशासन की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा


कुशीनगर। जनपद के रवीन्द्रनगर धूस थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत गोपालपुर मोतिललहा में उस समय हड़कंप मच गया जब एक दलित युवक अपनी मांगों को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। घटना की सूचना मिलते ही क्षेत्र में भारी भीड़ जुट गई और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंच गया।
जानकारी के अनुसार युवक मंजेश का विवाद आपसी कहासुनी एवं रंजिश से जुड़ा बताया जा रहा है। युवक की मांग थी कि उसके द्वारा नामजद किए गए आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की जाए। मांग पूरी न होने पर वह टावर पर चढ़ गया और नीचे उतरने से इंकार कर दिया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी देर तक युवक को समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए उपजिलाधिकारी पडरौना आशुतोष स्वयं मौके पर पहुंचे। इसी दौरान युवक की मासूम बेटी रोते हुए एसडीएम के पास पहुंची और अपने पिता को सुरक्षित नीचे उतारने की गुहार लगाने लगी।
मासूम बच्ची की भावनाओं को समझते हुए उपजिलाधिकारी ने उसे सांत्वना दी, पानी पिलाया और भरोसा दिलाया कि उसके पिता को कोई नुकसान नहीं होने दिया जाएगा तथा मामले में न्यायोचित कार्रवाई की जाएगी।
इसके बाद एसडीएम ने सीधे टावर पर चढ़े युवक से संवाद स्थापित किया। शांतिपूर्ण और सकारात्मक बातचीत के दौरान उन्होंने युवक को आश्वस्त किया कि उसकी शिकायत पर निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन के भरोसे और समझाइश का असर हुआ तथा युवक सुरक्षित रूप से टावर से नीचे उतर आया।
युवक के नीचे उतरते ही पुलिस और प्रशासन ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों ने उपजिलाधिकारी की संवेदनशीलता और सूझबूझ की सराहना करते हुए कहा कि उनकी कार्यशैली जनता के बीच विश्वास पैदा करती है। लोगों का कहना है कि वह कार्यालय तक सीमित न रहकर मौके पर पहुंचकर समस्याओं का समाधान करने में विश्वास रखते हैं।
फिलहाल पुलिस एवं प्रशासन पूरे मामले की जांच कर आवश्यक विधिक कार्रवाई में जुटा हुआ है। प्रशासन की तत्परता और मानवीय दृष्टिकोण के चलते एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

Related Post

Leave a Comment