नवागत आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने संभाला कसया सर्किल का कार्यभार
कसया, कुशीनगर। आबकारी विभाग में अपनी कार्यकुशलता और बेहतर सेवाओं के लिए पहचान रखने वाले आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने बुधवार, 4 जून को कुशीनगर जनपद के कसया सर्किल-2 का कार्यभार ग्रहण कर लिया। उन्होंने यह दायित्व आबकारी निरीक्षक अरुण कुमार के स्थानांतरण के बाद संभाला है, जिनकी तैनाती अब सुल्तानपुर जनपद में हुई है।
मूल रूप से महराजगंज जनपद के निवासी धर्मेंद्र कुमार को वर्ष 2015 में बरेली में पहली नियुक्ति मिली थी। इसके बाद उन्होंने सिद्धार्थनगर और आजमगढ़ जनपद में आबकारी विभाग में अपनी सेवाएं दीं। आजमगढ़ में उन्होंने लगभग चार वर्षों तक कार्य करते हुए विभागीय जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन किया।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद उन्होंने स्पष्ट संदेश देते हुए कहा कि क्षेत्र में अवैध शराब, मादक पदार्थों के निर्माण और बिक्री में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप कानून व्यवस्था को मजबूत बनाना उनकी प्राथमिकता होगी।
आबकारी निरीक्षक धर्मेंद्र कुमार ने कहा कि विभाग की नीतियों का पूरी तरह पालन कराया जाएगा तथा अवैध कारोबार करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि अवैध कारोबारी सावधान हो जाएं, क्योंकि उनके विरुद्ध अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने आमजन से भी अपील की कि यदि कहीं अवैध शराब या मादक पदार्थों के निर्माण एवं बिक्री की जानकारी मिले तो तत्काल विभाग को सूचित करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।
