पेड़ से युवक का शव लटकता मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

पेड़ से युवक का शव लटकता मिलने से सनसनी, जांच में जुटी पुलिस

बयान करते ग्रामीण

हाटा, कुशीनगर। नगर पालिका परिषद हाटा के वार्ड संख्या-10 अंबेडकर नगर निवासी 20 वर्षीय शिवम चौहान का शव बृहस्पतिवार सुबह एक खेत में शीशम के पेड़ से बेल्ट के सहारे लटकता मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।

मृतक की पहचान शिवम चौहान (20 वर्ष), पुत्र सीताराम चौहान निवासी अंबेडकर नगर, हाटा के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार शिवम बुधवार शाम करीब 7 बजे घर से निकला था, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटा। परिवार के लोगों ने उसकी काफी तलाश की, मगर उसका कोई सुराग नहीं मिला।

बृहस्पतिवार सुबह परिजन एवं ग्रामीण उसकी खोजबीन करते हुए हाटा से लगभग एक किलोमीटर दक्षिण देवरिया मार्ग के समीप पहुंचे। वहां एक खेत में स्थित शीशम के पेड़ से बेल्ट के सहारे उसका शव लटकता हुआ मिला। शव मिलने की सूचना क्षेत्र में आग की तरह फैल गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर पहुंच गए।

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

स्थानीय सभासद प्रतिनिधि अर्जुन मौर्य ने बताया कि युवक मंगलवार शाम से ही लापता था और परिजन लगातार उसकी तलाश कर रहे थे। वहीं पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट रूप से पता चल सकेगा।

घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में शोक और मायूसी का माहौल है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

फिलहाल युवक की मौत आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

Related Post

Leave a Comment