नेपाली नागरिकों की सकुशल वापसी पर नेपाल सरकार ने जताया आभार, एसपी केशव कुमार को भेजा प्रशस्ति पत्र,,

नेपाली नागरिकों की सकुशल वापसी पर नेपाल सरकार ने जताया आभार, एसपी केशव कुमार को भेजा प्रशस्ति पत्र
कुशीनगर। नेपाल के सैकड़ों नागरिकों को अपराधियों के चंगुल से मुक्त कर सुरक्षित उनके घर पहुंचाने की कुशीनगर पुलिस की कार्रवाई को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सराहना मिली है। नेपाल सरकार एवं नेपाल दूतावास ने इस मानवीय पहल के लिए भारत सरकार, उत्तर प्रदेश सरकार तथा कुशीनगर पुलिस के प्रति आभार व्यक्त करते हुए पुलिस अधीक्षक केशव कुमार को प्रशस्ति एवं धन्यवाद पत्र भेजा है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कुशीनगर पुलिस ने अभियान चलाकर कुल 453 नेपाली नागरिकों को रेस्क्यू किया था। इनमें 338 पुरुष और 115 महिलाएं शामिल थीं। सभी को विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सुरक्षित रूप से उनके परिजनों तक पहुंचाया गया।
नेपाल दूतावास ने अपने पत्र में कहा है कि सीमावर्ती क्षेत्र में कुशीनगर पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई मानव तस्करी और संगठित अपराध के खिलाफ एक उल्लेखनीय उदाहरण है। दूतावास ने इस अभियान में शामिल पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की कार्यकुशलता तथा संवेदनशीलता की प्रशंसा की है।
पुलिस अधीक्षक केशव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान को भारत-नेपाल मैत्री संबंधों को और मजबूत करने वाला कदम माना जा रहा है। इस कार्रवाई से न केवल सैकड़ों नेपाली नागरिकों का जीवन सुरक्षित हुआ, बल्कि दोनों देशों के बीच सुरक्षा सहयोग को भी नई मजबूती मिली है।
नेपाल सरकार द्वारा व्यक्त किए गए आभार को कुशीनगर पुलिस की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय स्तर पर भी इस मानवीय कार्य की व्यापक सराहना हो रही है।
रिपोर्ट : ओम पत्रिका न्यूज

Related Post

Leave a Comment