चावल हड़पने का आरोप, विरोध करने पर किसान घायल

चावल हड़पने का आरोप, विरोध करने पर किसान घायल,,


ओम पत्रिका न्यूज
रिपोर्ट: के. एन. राय,,


सपहा (कुशीनगर)। कसया थाना क्षेत्र के नौगावां गांव में मंगलवार सुबह धान कुटाई के दौरान चावल हड़पने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोबाइल राइस मिल संचालक ने किसान का चावल कम देकर शेष चावल मशीन के चैंबर में छिपा लिया। विरोध करने पर किसान को ट्रैक्टर से घायल कर दिया गया।
जानकारी के अनुसार गांव निवासी हफीज अंसारी (40) पुत्र मुस्तकीम अंसारी ने करीब आठ क्विंटल धान की कुटाई मोबाइल राइस मिल से कराई थी। कुटाई के बाद अपेक्षा से कम चावल मिलने पर उन्हें संदेह हुआ। उन्होंने राइस मिल संचालक से मशीन का चैंबर खोलकर दिखाने की मांग की। आरोप है कि इसी दौरान संचालक ट्रैक्टर लेकर वहां से भागने लगा।
हफीज अंसारी ने ट्रैक्टर रोकने का प्रयास किया तो उसका पहिया उनके पैर पर चढ़ गया, जिससे वह घायल हो गए। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर को रोक लिया। ग्रामीणों का कहना है कि जब मशीन का चैंबर खुलवाया गया तो उसमें काफी मात्रा में चावल भरा मिला। मौके का फायदा उठाकर चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया।
ग्रामीण अनवर अली, मुराद, सुलेमान, अकबर अली, अफजल, महेंद्र, दिनेश, आसीम अंसारी एवं मुस्ताक ने आरोप लगाया कि संबंधित मोबाइल राइस मिल संचालक पहले भी कई किसानों को कम चावल दे चुका है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ट्रैक्टर और मोबाइल राइस मिल को कब्जे में लेकर थाने ले गई तथा मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस संबंध में हल्का उपनिरीक्षक बरूणेश उपाध्याय ने बताया कि घटना की सूचना प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Related Post

Leave a Comment

Breaking News

Follow me

इस तरह की वेबसाइट बनवाने के लिए संपर्क करे

Mob 8948760348 Add- Ravindra Nagar, Padrauna, Kushinagar