आईआईटी जेईई एडवांस्ड 2026 में उज्ज्वल तिवारी ने पाई सफलता, जिले का बढ़ाया मान

आईआईटी जेईई एडवांस्ड 2026 में उज्ज्वल तिवारी ने पाई सफलता, जिले का बढ़ाया मान

कसया, कुशीनगर।
आईआईटी जेईई एडवांस्ड 2026 के घोषित परिणाम में कुशीनगर जनपद के कसया तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम दुर्गवलिया निवासी उज्ज्वल तिवारी ने सफलता हासिल कर क्षेत्र एवं जिले का गौरव बढ़ाया है। उज्ज्वल तिवारी ग्राम प्रधान रानी तिवारी एवं विजय तिवारी के पुत्र हैं।

उज्ज्वल तिवारी ने जेईई एडवांस्ड 2026 परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए सफलता प्राप्त की। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, गांव तथा क्षेत्र में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषित होते ही उन्हें बधाई देने वालों का तांता लग गया।

अपनी सफलता का श्रेय उज्ज्वल ने अपने बड़े भाई एडवोकेट ऋषभ तिवारी के मार्गदर्शन, दादा रमाशंकर तिवारी के आशीर्वाद तथा गुरुजनों के सहयोग को दिया। उन्होंने बड़े पापा विनोद तिवारी, नवीन तिवारी, बड़े भाई इंजीनियर गौरव तिवारी, डॉ. वैभव तिवारी, इंजीनियर उत्कर्ष तिवारी एवं इंजीनियर उत्सव तिवारी के प्रोत्साहन को भी अपनी सफलता का महत्वपूर्ण आधार बताया।

उज्ज्वल की प्रारंभिक शिक्षा एवं कक्षा 6 से 10 तक की पढ़ाई कसया स्थित हेरिटेज इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में हुई। इंटरमीडिएट उत्तीर्ण करने के बाद उन्होंने गोरखपुर स्थित मोमेंटम कोचिंग संस्थान से जेईई की तैयारी की। उनकी सफलता से संस्थान में भी उत्साह का माहौल है।

छह भाइयों में सबसे छोटे उज्ज्वल तिवारी ने कहा कि आत्मविश्वास और निरंतर परिश्रम से कोई भी लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि परीक्षा की तैयारी के दौरान उन्हें अपने माता-पिता और परिवार का पूरा सहयोग मिला, जिसके बल पर वे यह सफलता हासिल कर सके।

उज्ज्वल की इस उपलब्धि पर क्षेत्र के शिक्षकों, समाजसेवियों और गणमान्य लोगों ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Related Post

Leave a Comment