, कांग्रेस ही प्रदेश और देश के विकास का विकल्प, जनता बदलाव चाहती है: राधे विश्वकर्मा

कांग्रेस ही प्रदेश और देश के विकास का विकल्प, जनता बदलाव चाहती है: राधे विश्वकर्मा,
कुशीनगर। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रविंद्र विश्वकर्मा उर्फ राधे विश्वकर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान प्रदेश और केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल को जनता आज भी नहीं भूली है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस की सरकार थी तब उत्तर प्रदेश के गांव-गांव और घर-घर स्वास्थ्य विभाग की टीमें पहुंचकर मच्छररोधी दवाओं का छिड़काव करती थीं, जिससे लोगों को संक्रामक बीमारियों से राहत मिलती थी।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार के समय जनहित की योजनाओं का लाभ सीधे आम लोगों तक पहुंचता था और आवश्यक वस्तुओं की कीमतें भी आम आदमी की पहुंच में थीं। आज स्थिति यह है कि रसोई गैस सिलेंडर की कीमत एक हजार रुपये के आसपास पहुंच गई है, फिर भी लोगों को पर्याप्त राहत नहीं मिल रही है। डीजल और पेट्रोल के बढ़ते दामों ने किसानों, मजदूरों और मध्यम वर्ग की कमर तोड़ दी है।
जिलाध्यक्ष ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था की स्थिति चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि थाने और चौकियां आम जनता को न्याय दिलाने के बजाय परेशान करने का केंद्र बनते जा रहे हैं। पीड़ितों को कई बार थाने के चक्कर लगाने पड़ते हैं, तब भी उनकी प्राथमिकी दर्ज नहीं की जाती।
राधे विश्वकर्मा ने कहा कि उत्तर प्रदेश की जनता वर्तमान सरकार की नाकामियों को भली-भांति समझ चुकी है और अब बदलाव का मन बना चुकी है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस ही प्रदेश और देश के विकास का वास्तविक विकल्प है। राहुल गांधी के नेतृत्व में गांव-गांव तक सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में व्यापक सुधार किए जाएंगे तथा आम जनता को राहत देने वाली योजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और जनहितकारी कार्यक्रमों को पहुंचाने का आह्वान किया।

Related Post

Leave a Comment