निर्माण श्रमिकों के लिए सुनहरा अवसर: पंजीयन शिविरों के माध्यम से मिलेंगी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

निर्माण श्रमिकों के लिए सुनहरा अवसर: पंजीयन शिविरों के माध्यम से मिलेंगी विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ

श्रम प्रवर्तन अधिकारी अलंकृता उपाध्याय, ने अवगत कराया कि श्रम विभाग द्वारा उ०प्र० भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के अन्तर्गत निर्माण कार्य करने वाले मजदूरों के पंजीयन एवं विभिन्न लाभकारी योजनाओं का संचालन किया जा रहा है। विभाग द्वारा संचालित योजनाओं में प्रमुख रूप से मातृत्व शिशु बालिका योजना के तहत शिशु जन्म पर बालक हेतु ₹20,000 एवं बालिका हेतु ₹25,000 की सहायता, सन्त रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना के अन्तर्गत कक्षा 1 से उच्च शिक्षा तक ₹2,000 से ₹24,000 तक की आर्थिक सहायता, अटल आवासीय विद्यालय में बच्चों की निःशुल्क शिक्षा, मजदूरों की पुत्रियों के विवाह हेतु ₹65,000 तथा श्रमिक की मृत्यु होने पर आश्रितों को सामान्य मृत्यु पर ₹2,25,000 एवं दुर्घटना में मृत्यु होने पर ₹5,25,000 की सहायता प्रदान की जाती है।

इन योजनाओं का लाभ प्राप्त करने के लिए श्रमिकों को upbocw.in⁠ पर पंजीयन एवं प्रत्येक वर्ष नवीनीकरण कराना आवश्यक होगा। योजनाओं हेतु आवेदन भी ऑनलाइन माध्यम से इसी पोर्टल पर किया जाएगा।

श्रम विभाग द्वारा भवन निर्माण कार्य में लगे मजदूरों, मनरेगा श्रमिकों एवं जीरो पॉवर्टी में चिन्हित पात्र परिवारों को योजनाओं से जोड़ने हेतु जनपद के सभी विकास खण्डों में न्याय पंचायत स्तर पर चौपाल आयोजित की जा रही है। पंजीयन हेतु आवेदक को आधार कार्ड, बैंक पासबुक, आधार लिंक मोबाइल नंबर (OTP हेतु) एवं ₹40 ऑनलाइन पंजीयन शुल्क की आवश्यकता होगी।
उन्होंने बताया कि दिनांक 29 एवं 30 मई 2026 को विकास खण्ड खड्डा की न्याय पंचायत बुलहवा, कप्तानगंज की बोदरवार, कसया की सिसवा धोकरहा, मोतीचक की सिकटिया, विशुनपुरा की बलकुड़िया, हाटा की कुरमिटा, पडरौना की कोहरवलिया, रामकोला की कुसुम्हा, सुकरौली की बढ़या बुजुर्ग, सेवरही की मठिया श्रीराम, दुदही की कोरया, फाजिलनगर की नधुरिया, तमकुहीराज की कोटया टीकमपार तथा नेबुआ नौरंगिया की कोहरगढ़्डी न्याय पंचायतों में पंचायत भवन पर चौपाल लगाकर निर्माण श्रमिकों एवं चिन्हित पात्र परिवारों का पंजीयन किया जाएगा।

श्रम विभाग द्वारा समस्त श्रमिक बंधुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित तिथियों पर पंचायत भवन पहुंचकर अपना पंजीयन कराएं तथा सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करें।

Related Post

Leave a Comment