
पीड़ितों की समस्याओं के समाधान के लिए संभाली तहसील कसया की कमान : डॉ. संतराज सिंह “बघेल”
कुशीनगर जनपद की कसया तहसील में राजस्व एवं जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को लेकर उपजिलाधिकारी डॉ. संतराज सिंह “बघेल” पूरी सक्रियता के साथ कार्य करते नजर आ रहे हैं। तहसील परिसर में आयोजित जनसुनवाई में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे, जहां भूमि विवाद, रास्ता, पैमाइश, कब्जा, वरासत एवं अन्य राजस्व संबंधी मामलों को गंभीरता से सुना गया।
जनसुनवाई के दौरान डॉ. संतराज सिंह “बघेल” ने संबंधित राजस्व कर्मियों, कानूनगो एवं लेखपालों को निर्देश देते हुए कहा कि पीड़ितों की समस्याओं का समाधान पारदर्शिता एवं समयबद्ध तरीके से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आम जनता को न्याय दिलाना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
बताया जाता है कि 5 अगस्त 2025 से ही डॉ. संतराज सिंह “बघेल” लगातार जनता की सेवा में सक्रिय हैं। वह गांव-गांव जन चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे हैं तथा मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देकर समस्याओं का निस्तारण करा रहे हैं। उनकी इस कार्यशैली से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को काफी राहत मिल रही है।
तहसील में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं सीधे उपजिलाधिकारी के समक्ष रखीं। कई मामलों में मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित कर निस्तारण की प्रक्रिया शुरू कराई गई। जनसुनवाई में लोगों की भारी भीड़ यह दर्शाती रही कि क्षेत्रीय जनता को प्रशासन से न्याय की उम्मीद है।
डॉ. संतराज सिंह “बघेल” की कार्यशैली को लेकर तहसील क्षेत्र में सकारात्मक चर्चा बनी हुई है। आमजन का कहना है कि उनकी सक्रियता से राजस्व संबंधी लंबित मामलों के समाधान में तेजी आने की उम्मीद जगी है।
रिपोर्ट : के एन साहनी