
कुशीनगर। प्रधान संघ कुशीनगर के जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी ने मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) को ज्ञापन सौंपकर मनरेगा योजना के तहत वित्तीय वर्ष 2024-25 एवं 2025-26 की सामग्री मद की लंबित देनदारियों का शीघ्र भुगतान कराने की मांग की है।
ज्ञापन के माध्यम से प्रधान संघ ने बताया कि ग्राम पंचायतों में मनरेगा के अंतर्गत कराए गए विकास कार्यों की सामग्री मद का भुगतान लंबे समय से लंबित है। इसके कारण ग्राम पंचायतों को आर्थिक और प्रशासनिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। निर्माण कार्यों में सामग्री की आपूर्ति करने वाले दुकानदारों, फर्मों एवं अन्य आपूर्तिकर्ताओं की बड़ी धनराशि बकाया है। भुगतान नहीं होने से आपूर्तिकर्ताओं की ओर से ग्राम प्रधानों एवं प्रशासकों पर लगातार भुगतान का दबाव बनाया जा रहा है।
प्रधान संघ के जिलाध्यक्ष अकबर अंसारी ने कहा कि ग्राम पंचायतें ग्रामीण विकास की पहली इकाई हैं। इनके माध्यम से गांवों में विकास कार्यों के साथ रोजगारपरक योजनाओं का संचालन होता है। ऐसे में सामग्री मद की देनदारियों का भुगतान लंबित रहने से विकास कार्यों के सुचारु संचालन पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
उन्होंने मांग की कि ग्राम पंचायतों को स्वावलंबी एवं सशक्त बनाने के लिए वित्तीय वर्ष 2024-25 और 2025-26 की लंबित सामग्री मद की धनराशि का शीघ्र भुगतान कराया जाए, ताकि ग्राम प्रधानों को अनावश्यक आर्थिक एवं सामाजिक परेशानियों से राहत मिल सके।
ज्ञापन में चेतावनी दी गई है कि यदि बकाया भुगतान का शीघ्र निस्तारण नहीं किया गया, तो कुशीनगर जनपद सहित प्रदेश की ग्राम पंचायतों में मनरेगा योजना के संचालन को लेकर असहयोग और धरना-प्रदर्शन जैसे कदम उठाने की स्थिति बन सकती है।
रिपोर्ट: कुशीनगर
