बिना लाइसेंस चल रही आइसक्रीम फैक्ट्री पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, मिलावटी बेसन का नमूना जांच को भेजा

बिना लाइसेंस चल रही आइसक्रीम फैक्ट्री पर खाद्य विभाग की कार्रवाई, मिलावटी बेसन का नमूना जांच को भेजा
कुशीनगर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आईजीआरएस शिकायतों के आधार पर जिले में दो स्थानों पर जांच अभियान चलाया। कार्रवाई के दौरान बिना लाइसेंस खाद्य कारोबार संचालित करने तथा मिलावटी खाद्य पदार्थ बेचने के मामलों में जांच की गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जंगल विशुनपुरा निवासी आफताब आलम द्वारा ऑनलाइन आईजीआरएस पर शिकायत दर्ज कराई गई थी कि श्रवण कुमार गुप्ता द्वारा “शिवांश आइसक्रीम एवं आटा चक्की मिल” नाम से बिना लाइसेंस एवं खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत कारोबार किया जा रहा है। शिकायत के आधार पर 20 मई 2026 को खाद्य विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान परिसर में बर्फ जमाने की मशीन तथा दो डीप फ्रीजर मिले, जिनमें साधारण बर्फ के टुकड़े और बर्फ की सिल्ली रखी हुई थी। मौके पर कोई आइसक्रीम या आइसकैंडी नहीं मिली। संचालक ने बताया कि बर्फ और सिल्ली मछली विक्रेताओं को बेचने के लिए रखी गई थी। परिसर में आटा चक्की और एक छोटा स्पेलर भी पाया गया। जांच के दौरान खाद्य कारोबार का पंजीकरण प्रमाण पत्र प्रस्तुत नहीं किया जा सका, जिस पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम 2006 के तहत विधिक कार्रवाई की गई।
वहीं दूसरे मामले में पृथ्वीपुर क्षेत्र निवासी राममित्र कुशवाहा द्वारा मिलावटी बेसन बेचने की शिकायत की गई थी। शिकायत पर खाद्य विभाग ने जांच करते हुए एक बोरी में रखे बेसन का नमूना संग्रहित कर जांच हेतु प्रयोगशाला भेज दिया। हालांकि विक्रेता के पास खाद्य कारोबार का पंजीकरण प्रमाण पत्र उपलब्ध पाया गया।
उक्त कार्रवाई सहायक आयुक्त (खाद्य)-द्वितीय प्रदीप कुमार राय के निर्देशन में खाद्य सुरक्षा अधिकारी कन्हैया लाल वर्मा द्वारा की गई।

Related Post

Leave a Comment

Breaking News

Follow me

इस तरह की वेबसाइट बनवाने के लिए संपर्क करे

Mob 8948760348 Add- Ravindra Nagar, Padrauna, Kushinagar