ज्वाइंट मजिस्ट्रेट व सीओ सदर ने किया कोतवाली पडरौना का त्रैमासिक निरीक्षण




पडरौना, कुशीनगर।
शुक्रवार को ज्वाइंट मजिस्ट्रेट (आईएएस) श्री मयंक त्रिपाठी एवं क्षेत्राधिकारी सदर डॉ. अजय कुमार सिंह ने थाना कोतवाली पडरौना का त्रैमासिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना कार्यालय के अभिलेखों, मालखाना, थाना समाधान रजिस्टर, तहसील दिवस रजिस्टर, महिला उत्पीड़न रजिस्टर, नियुक्ति एवं ड्यूटी रजिस्टर, जनशिकायत रजिस्टर तथा मिशन शक्ति केंद्र रजिस्टर का गहन परीक्षण किया गया।
अधिकारियों ने थाना परिसर, बैरक एवं भोजनालय का भ्रमण कर साफ-सफाई व्यवस्था को उच्च स्तर पर बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही कार्यालय में कार्यरत पुलिसकर्मियों से सीसीटीएनएस एवं आईजीआरएस से संबंधित कार्यों की जानकारी ली गई।
निरीक्षण के दौरान बीट पुलिस अधिकारियों की बीट बुक भी चेक की गई तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। वहीं उपनिरीक्षकों और आरक्षियों से शस्त्र खुलवाकर एवं जुड़वाकर उनकी दक्षता का परीक्षण किया गया।
अंत में अधिकारियों ने पुलिसकर्मियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक कोतवाली पडरौना सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।