जनगणना-2027: कुशीनगर में जागरूकता अभियान तेज, 7 से 21 मई तक होगी स्व-जनगणना

जनगणना-2027: कुशीनगर में जागरूकता अभियान तेज, 7 से 21 मई तक होगी स्व-जनगणना


कुशीनगर, जागरण संवाददाता
भारत की जनगणना-2027 को लेकर जिले में तैयारियां तेज हो गई हैं। इस बार जनगणना को पूरी तरह डिजिटल माध्यम से कराने की योजना है, जिसमें नागरिकों को स्व-जनगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की सुविधा दी गई है। इसके तहत लोग अपने और अपने परिवार की जानकारी स्वयं ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।
जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर के निर्देशन में जनपद में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। विभिन्न माध्यमों से लोगों को पोर्टल पर पंजीकरण और प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है, ताकि अधिक से अधिक लोग इस सुविधा का लाभ उठा सकें।
प्रशासन के अनुसार, उत्तर प्रदेश में स्व-जनगणना की तिथि 7 मई से 21 मई 2026 तक निर्धारित की गई है। इसके लिए नागरिकों को आधिकारिक वेबसाइट se.census.gov.in पर जाकर पंजीकरण करना होगा। पंजीकरण के बाद मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी से सत्यापन कर प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
इसके बाद परिवार और आवास से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन भरनी होगी। सभी विवरण दर्ज करने के बाद 11 अंकों की सेल्फ एन्यूमरेशन आईडी (SE ID) प्राप्त होगी, जिसे जनगणना कर्मी को सत्यापन के समय बताना आवश्यक होगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही परिवार का पंजीकरण किया जा सकेगा। जनगणना कर्मी घर-घर जाकर दी गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।
जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की है कि वे निर्धारित समय में स्व-जनगणना की प्रक्रिया पूरी कर इस राष्ट्रीय कार्य में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।
✍️ के.एन. साहनी, कुशीनगर

Related Post

Leave a Comment

Breaking News

Follow me

इस तरह की वेबसाइट बनवाने के लिए संपर्क करे

Mob 8948760348 Add- Ravindra Nagar, Padrauna, Kushinagar