कुशीनगर: मां काली मंदिर की पिंडी खंडित, धातु चोरी; खेसारी गिदहा में तनाव और भारी आक्रोश

्यूरो रिपोर्ट: के एन राय

कसया/कुशीनगर: जनपद के कसया थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्रामसभा खेसारी गिदहा में स्थित प्राचीन मां काली मंदिर में शुक्रवार की रात अज्ञात असामाजिक तत्वों ने दुस्साहस का परिचय देते हुए मंदिर के गर्भगृह में तोड़फोड़ की। अराजक तत्वों ने न केवल मां काली की पिंडी को खंडित कर दिया, बल्कि पिंडी के ऊपर लगी स्टील की कीमती धातु भी चोरी कर ली। शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा।

पुजारी ने दी सूचना, मौके पर जुटी भारी भीड़

रोजाना की तरह जब शनिवार सुबह मंदिर के पुजारी सोनू गिरी पूजा-अर्चना करने पहुंचे, तो खंडित पिंडी देखकर उनके होश उड़ गए। पुजारी द्वारा शोर मचाने पर बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जमा हो गए। ग्रामीणों में धार्मिक आस्था को ठेस पहुँचने के कारण भारी आक्रोश देखा गया।

पुलिस और प्रशासन की तत्परता: मरम्मत कार्य शुरू

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए सूचना मिलते ही डॉयल 112 और थानाध्यक्ष कसया आशुतोष सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल खंडित पिंडी की मरम्मत कराई और लोगों को शांत रहने की अपील की।

जुआड़ियों के जमावड़े पर ग्रामीणों का आरोप

स्थानीय ग्रामीणों का गंभीर आरोप है कि मंदिर परिसर के आसपास आए दिन जुआड़ियों और अराजक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे ऐसी घटनाओं को बढ़ावा मिल रहा है। ग्राम प्रधान रमाशंकर कुशवाहा ने पुलिस को लिखित तहरीर देकर अज्ञात दोषियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है।

थानाध्यक्ष का बयान: “तहरीर के आधार पर अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस की टीमें संदिग्धों की तलाश में जुटी हैं। जल्द ही दोषियों को चिह्नित कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।” — आशुतोष सिंह, थानाध्यक्ष कसया

Related Post

Leave a Comment

Breaking News

Follow me

इस तरह की वेबसाइट बनवाने के लिए संपर्क करे

Mob 8948760348 Add- Ravindra Nagar, Padrauna, Kushinagar